scriptभाजपा के ‘टाइगर’ से मुकाबले के लिये बॉलीवुड से ‘टाइगर’ ला रही है कांग्रेस | congress wants to elect salman khan in loksabha election | Patrika News

भाजपा के ‘टाइगर’ से मुकाबले के लिये बॉलीवुड से ‘टाइगर’ ला रही है कांग्रेस

locationभोपालPublished: Mar 07, 2019 07:06:04 pm

Submitted by:

Faiz

भाजपा के ‘टाइगर’ से मुकाबले के लिये बॉलीवुड से ‘टाइगर’ ला रही है कांग्रेस

political news

भाजपा के ‘टाइगर’ से मुकाबले के लिये बॉलीवुड से ‘टाइगर’ ला रही है कांग्रेस

इंदौरः जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नज़दीक आते जा रहे हैं। वैसे-वैसे राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ती जा रही है। इन दिनो लोकसभा चुनाव के लिए बॉलीवुड एक्टर्स के नाम प्रत्याशियों के रूप में सामने आना काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ दिनों पहले बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान को भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाने को लेकर काफी चर्चाएं गर्म हुई थी। वहीं, इस बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चाओं का बाज़ार गर्म कर दिया है। दरअसल, कांग्रेस लोकसभा चुनाव में भाजपा के ‘टाइगर’यानि पूर्व सीएम और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान को चुनौती देने के लिए बॉलीवुड के ‘टाइगर’ फिल्म अभिनेता सलमान खान को मध्य प्रदेश की राजनीति में सक्रीय करने का मन बना रही है। इस बात की जानकारी खुद प्रदेश के मुखिया कमलनाथ ने मीडिया बातचीत में दी।

सलमान इंदौर से लड़ सकते हैं लोकसभा चुना

यानी साफ है कि, अगर सलमान खान भी राजनीति में आने के लिए सेहमत हुए तो उनका मुकाबला खुद को टाइगर मानने वाले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से होगा। आपको बता दें कि, कमलनाथ ने अपनी सरकार के 70 दिनों के काम का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए अभिनेता सलमान खान के मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से लोकसभा चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए। मीडिया बातचीत में कमलनाथ ने कहा कि, अभिनेता सलमान खान 1 अप्रैल से 18 अप्रैल तक मध्य प्रदेश आ रहे हैं, इस दौरान साफ हो जाएगा कि, वो कांग्रेस के बेनर तले इंदौर से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए राजी होंगे या नहीं।

पहले भी उड़ चुकी है ऐसी अफवाह

आपको बता दें कि, कुछ दिनों पहले भी सलमान खान के इंदौर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा काफी जोरों पर थी। दावा किया जा रहा था कि, भाजपा का किला भेदने के लिए कांग्रेस सलमान खान को इंदौर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रही है। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश यादव ने तो यहां तक कहा था कि, पार्टी इस संबंध में मंथन कर रही है। उस समय पार्टी स्तर पर ये बयान दिये जा रहे थे कि, अगर सलमान खान इंदौर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते हैं, तो मिनी मुंबई कहे जाने वाले इस शहर के युवाओं को फिल्म इंडस्ट्री में जाने के रास्ते खुल जाएंगे। ये भी चर्चाएं थीं कि, सलमान और कमलनाथ के बीच काफी अच्छे संबंध हैं, इसलिए सलमान खान यहां से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, कुछ ही दिनों में यह बात ठंडे बस्ते में चली गई।

कमलनाथ ने बयान में कही ये बात

अब मुख्यमंत्री द्वारा सामने आए बयान ने इन अटकलों को एक बार फिर बल दे दिया है। मीडिया बातचीत में कमलनाथ ने कहा कि ‘मैंने फ़िल्म अभिनेता सलमान खान से फ़ोन पर बात की है, सलमान इंदौर के रहने वाले हैं, मैने उनसे पूछा था कि आपका एमपी के विकास में के लिए क्या सहयोग रहेगा।’ जवाब में सलमान ने कहा कि, ‘मैं 1 अप्रैल से 18 अप्रैल तक एमपी में रहूंगा, पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग भी करूंगा।’ हालांकि, कमलनाथ ने अभी ये स्पष्ट नहीं किया है कि, सलमान खान इंदौर सीट से सांसद चुनाव लड़ेंगे ही। ये बात तभी साफ होगी, जब 1 से 18 तारीख के बीच सलमान खान एमपी में होंगे।

शिवराज और सलमान का कैसे पड़ा टाइगर नाम

अपने कार्यकाल के दौरान मामा के नाम से जाने जाने वाले शिवराज विधानसभा चुनाव में अपनी पंद्रह साल की सत्ता खोने के बाद विपक्ष के नेता की भूमिका में आ गए। एक कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए उन्होंने नारा दिया था कि, ‘टाइगर अभी जिंदा है’ तभी से एमपी बीजेपी कार्यकर्ताओं और लोगों को बीच उन्हें टाइगर नाम से भी पुकारा जाने लगा। वहीं, बॉलीविड के सुपर स्टार सलमान खान को निर्देशक कबीर खान की सुपर हिट फिल्म ‘एक था टाइगर’ और ‘टाइगर जिंदा है’ के बाद से बॉलीवुड के टाइगर के नाम से पुकारा जाने लगा।

…तो कैसा होगा प्रदेश का राजनीतिक परिवेश

राजनीतिक जानकारों की माने तो, अगर कमलनाथ का नज़रिया वाकई सिद्ध हो जाता है तो मध्य प्रदेश में भाजपा को नुकसान हो सकता है। सलमान की सक्रियता और चुनावी समय में उनका सरकार के कामों में साथ रहना एमपी की राजनीति में बड़ा असर डाल सकता है। अगर सलमान खान प्रदेश की किसी भी सीट से चुनाव ना भी लड़ें, तब भी सलमान का साथ कमलनाथ के लिए लोकसभा चुनाव में फायदेमंद और भाजपा या अन्य विपक्षी दलों के लिए नुकसान दे साबित हो सकता है। हालांकि, अब तक भाजपा की ओर से कमलनाथ के फैसले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन, अगर सबकुछ कमलनाथ की सोच के अनुकूल रहा तो देखना रोचक होगा कि, खुद को टाइगर बताने वाले शिवराज का मुकाबला बॉलीवुड के टाइगर सलमान के साथ कैसा होगा।

इंदौर से सलमान का क्या है रिश्ता?

कांग्रेस का सलमान खान को इंदौर से चुनाव लड़ाने का खास मकसद ये है कि, सलमान खान का इस शहर से गेहरा रिश्ता रहा है। इंदौर सलमान की जन्मभूमि है, इसलिए उन्हें इस शहर से और यहां के लोगों को उनसे काफी लगाव है। सलमान का जन्म 27 दिसंबर 1965 को इंदौर के कल्याणमल नर्सिंग होम में हुआ था। मुंबई में जा बसने से पहले उनका परिवार इंदौर के ओल्ड पलासिया इलाके के अपने पुश्तैनी मकान में रहता था। यहां उनके रिश्तेदार अब भी रहते हैं। सलमान के बचपन का एक हिस्सा इंदौर में बीता है। सलमान समय-समय पर इंदौर आते जाते भी रहते हैं और कई मौकों पर उन्होंने अपने इंदौर प्रेम को भी जाहिर किया है। सलमान का बचपन इंदौर के पलासिया पुलिस थाने के सामने मौजूद खान कैंपस में गुजरा है। उनकी पढ़ाई सिंधिया स्‍कूल, ग्‍वालियर से हुई, जहां वे अपने भाई अरबाज खान के साथ पढ़ने गए थे। इसके बाद की पढ़ाई उन्‍होंने मुंबर्इ के बांद्रा इलाके में स्थित सेंटस्‍टैनिसलॉस हाईस्‍कूल से की थीं। सलमान खान 2009 में मेयर चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी पंकज संघवी के समर्थन में इंदौर में चुनाव प्रचार भी कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने आधे शहर में रोड शो भी किया था। वैसे तो सलमान के फैन पूरी दुनिया में मौजूद है। लेकिन, किसी शहर की आबाद के हिसाब से इंदौर में सलमान की फैन फॉलोविंग काफी ज्यादा है। यानि आबादी के हिसाब से इस शहर में उनके फैन्स का प्रतिशत भारत के अन्य शहरों के मुकाबले ज्यादा है। ऐसे में कांग्रेस को उम्मीद है कि, सलमान इस शहर के लोगों के लिए यहां से सांसद चुनाव लड़ने की हामी भर सकते हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो