scriptमुंबई में आंधी-बारिश के कारण फ्लाइट रद | Flights cancelled due to rain and storm in Mumbai | Patrika News
भोपाल

मुंबई में आंधी-बारिश के कारण फ्लाइट रद

बादल की वजह से शहर के न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री से अधिक की गिरावट

भोपालMay 14, 2024 / 12:14 pm

Mahendra Pratap

भोपाल. सपनों की नगरी मुंबई में भारी बारिश और आंधी का असर भोपाल में पड़ा है। कई उड़ानों को डाइवर्ट करने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। मुंबई में सोमवार को दोपहर बाद तेज हवा और आंधी की वजह से कई फ्लाइट डायवर्ट और निरस्त कर दी गयीं। खराब मौसम की वजह से रात्रि 8.30 बजे मुंबई से भोपाल आने वाली और रात्रि में 10 बजे को भोपाल से मुंबई जाने वाली फ्लाइट को निरस्त कर दिया गया। इसके कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

हल्की बारिश से राहत


राजधानी में रविवार की मध्यरात्रि के बाद विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। सुबह भी हल्के बादल छाए रहे। इस वजह से न्यूनतम तापमान में एक दिन में पांच डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गयी। दोपहर बाद धूप खिलने के बाद अधिकतम तापमान में तीन घंटे में चार डिग्री का इजाफा हो गया। सुबह 11.30 बजे जहां शहर का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री था, वहीं दोपहर 2.30 बजे 37.6 डिग्री पर पहुंच गया।

प्री-मानसून सीजन में सामान्य से तीन गुना बारिश


शहर में इस बार मार्च, अप्रेल और मई में लगातार बारिश हुई है। ऐसे में प्री मानसून सीजन में सामान्य से इस बार काफी अधिक बारिश हुई है। रविवार सुबह तक शहर में 3.2 मिमी बारिश हुई थी। इसी प्रकार 1 मार्च से अब तक 58.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश से 40.3 मिमी अधिक है। ऐसे में प्री-मानसून सीजन में सामान्य बारिश के मुकाबले लगभग तीन गुना अधिक बारिश हो चुकी है।

ऐसे रही पारे की चाल


सुबह 5.30 23.4
सुबह 8.30 25.6
सुबह 11.30 33.6
दोपहर 2.30 37.6
शाम 5.30 37.6

Hindi News/ Bhopal / मुंबई में आंधी-बारिश के कारण फ्लाइट रद

ट्रेंडिंग वीडियो