
झांसी के व्यापारी ने होटल में फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा बहुत कर्ज हो गया है
भोपाल. झांसी के एक व्यापारी ने होटल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या के पीछे कर्ज का होना सामने आ रहा है। व्यापारी के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने कर्ज का जिक्र किया है। मृतक पिछले 6 दिन से होटल में रह रहा था। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नीरज गुप्ता पिता शंकर लाल गुप्ता (28) झांसी का रहने वाला था। उसके पिता झंासी कीमंडी में आढ़त लगाते हैं। वहीं पर नीरज काम करता था। 1 जून को वो घर से निकला था। इसके बाद स्टेशन के पास कमल रेसीडेंसी होटल में रूका था। गुरुवार रात 10 बजे उसने होटल में खाना खाया। इसके बाद वह सो गया। सुबह होटल का वेटर नाश्ता के लिए पूछने गया तो गेट अंदर से बंद था।
वेटर ने नॉक किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। करीब 10 मिनट नॉक करने के बाद जब कोई जवाब नहीं आया तो उसने खिड़की से झांककर देखा। देखा तो नीरज फंदे पर लटक रहा था। तत्काल वेटर ने इसकी सूचना मैनेजर को दी। मैनेजर ने फोन कर पुलिस को बुलाया। इसके बाद व्यापारी को फंदे से नीचे उतरा। पुलिस ने बॉडी को पीएम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
मैंने बहुत नुकसान कर दिया
मृतक के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। बजरिया थाना प्रभारी राजेश सिन्हा ने बताया कि उसने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसके उपर काफी कर्ज हो गया है। कोई आय का जरिया भी नहीं है उस कर्ज को चुकाने का। उसने अपनी मां और पत्नी के बारे में लिखा है कि मैंने जिंदगी में बहुत गलती की लेकिन आप लोगों ने मुझे कुछ नहीं बोला। मैंने बहुत भारी नुकसान कर दिया। मुझे माफ कर देना। टीआई सिन्हा ने बताया कि मृतक के भोपाल में ही रिश्तेदार हैं। उन्हे फोनकर सूचना दे दी है।
Published on:
07 Jul 2018 07:25 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
