scriptMP Election 2023: भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी, जानिए किसने किया दावा | Shivraj Singh claims, BJP government is being formed in Madhya Pradesh | Patrika News
भोपाल

MP Election 2023: भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी, जानिए किसने किया दावा

मैहर में मां शारदा तो उज्जैन में बाबा महाकाल के किए दर्शन

भोपालNov 25, 2023 / 02:30 pm

Manish Gite

mp-election.png

 

 

सतना। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह शुक्रवार को सपत्नीक मैहर पहुंचे और मां शारदा के दरबार में हाजिरी लगाई। सीएम ने दावा किया कि इस चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आएगी। लाड़ली बहना का कोई साइलेंट वोट नहीं था, बल्कि उन्होंने तो बोलकर भाजपा को वोट दिया है। सीएम ने बढ़े हुए वोटिंग प्रतिशत पर एंटी इंकम्बेंसी से इनकार किया। कहा, तीन दिसंबर को सब साफ हो जाएगा। इस दौरान वे सीएम फेस के सवाल पर जवाब देने से बचते नजर आए। बताया जा रहा है कि महाकाल मंदिर में भी जीत के लिए गुप्त हवन, साधना, अनुष्ठान किए जा रहे थे।

 

कांग्रेस की शिकायत- मतदान नहीं कर पाए कई बस चालक

मतदान से कई वर्ग वंचित रह गए। इसे लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को निर्वाचन आयोग कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। लिखा है कि चुनाव के लिए जो बसें अधिग्रहीत की गईं उनके चालक और परिचालकों को मतदान से वंचित रखा गया। पन्ना जिले में 260 बसें और 208 कार लगाई गई थीं। 300 से ज्यादा अतिथि शिक्षकों की भी अचानक चुनाव में ड्यूटी लगाया गया, लेकिन निर्वाचन अधिकारी की ओर से इनके मतदान को लेकर प्रबंध नहीं किया गया। इस कारण 800 से ज्यादा लोग मतदान से छूट गए। कांग्रेस ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की है। प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस चुनाव कार्य प्रभारी जेपी धनोपिया, पूर्व मंत्री मुकेश नायक, प्रकाश जैन सहित अन्य शामिल रहे।

 

मतगणना स्थल का जायजा:

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने शुक्रवार को सीहोर, देवास और इंदौर के मतगणना स्थल, स्ट्रॉन्ग रूम का जायजा लिया। कलेक्टर्स को दिशा-निर्देश दिए।

 

भाजपा की दीपक से सियासी जंग, इधर पिता कैलाश जोशी का स्मरण

प्रदेश में पूर्व मंत्री दीपक जोशी से भाजपा की सियासी जंग चल रही है, लेकिन उनके पिता पूर्व सीएम स्व. कैलाश जोशी का पुण्य स्मरण भी कर रही है। शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पहले प्रदेश कार्यालय में उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण किया, फिर उनके निवास पर पहुंचकर सुंदरकांड पाठ में शिरकत की पुष्पांजलि दी।

सियासी तौर पर ये अहम इसलिए है क्योंकि दीपक भाजपा छोड़क कांग्रेस में जा चुके हैं। खातेगांव सीट से वे कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़े हैं। इस सीट पर भाजपा से आशीष शर्मा प्रत्याशी हैं। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी भी चुनाव के दौरान एक सभा में कैलाश जोशी को याद कर महापुरुष बता चुके हैं। दीपक की बगावत के बावजूद फिलहाल भाजपा उनके पिता को याद करने की लाइन पर है।

Hindi News/ Bhopal / MP Election 2023: भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी, जानिए किसने किया दावा

ट्रेंडिंग वीडियो