scriptMP गजब है: कर्जा लिया दो लाख, सूची में बकाया दिख रहे 22 और 67 रुपए की हो गई माफी! | shocking Reality of kisan karj mafi in MP latest news in hindi | Patrika News
भोपाल

MP गजब है: कर्जा लिया दो लाख, सूची में बकाया दिख रहे 22 और 67 रुपए की हो गई माफी!

किसान कर्ज माफी की चस्पा हुई सूची से हड़कंप…

भोपालJan 23, 2019 / 12:27 pm

दीपेश तिवारी

farmers

MP गजब है: कर्जा लिया दो लाख, सूची में बकाया दिख रहे 22 और 67 रुपए की हो गई माफी!

भोपाल/बैरसिया@रत्नेश नामदेव की रिपोर्ट…
कांग्रेस सरकार के किसानों के कर्ज माफी ऐलान के बाद शुरू हुई कर्ज माफी की प्रक्रिया अभी से विवादों में आ गई है। बैरसिया में चस्पा की गई कर्ज माफी की सूची में 31 मार्च 2018 की स्थिति में किसी किसान के खाते में 22, किसी के 67 तो किसी 249 रुपए बकाया दर्शाए गए हैं।

जबकि किसानों के सिर पर दो-दो लाख रुपए से ज्यादा का कर्जा चढ़ा हुआ है। इस सूची के बाद से बैरसिया में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि अभी बैंक से जो सूची मिली है उसे चस्पा किया गया है। इसमें सुधार किया जाएगा। सिर्फ बैरसिया तहसील में ही 33 हजार किसानों की कर्ज माफी की जानी है।

 


बैरसिया तहसील के मेंगरा गाव में कर्जमाफी की चस्पा इस सूची देखने के बाद किसानों में हड़कंप की स्थिति है। किसानों के खाते में 22 रुपए, 67 तो किसी के 249 रुपए बकाया बताकर कर्ज माफी की गई है।

केस 01 : किसान कमल सिंह राजपूत ने सेंट्रल ग्रामीण बैंक से 1 लाख 25 हजार कर्ज लिया था, कर्ज माफी की जो सूची इनके गांव के सामुदायिक भवन पर लगी है उसमें इनका सिर्फ 249 रुपया बकाया दिखाया गया है।

केस 02 : इसी गांव के किसान मरदन सिंह अहिरवार ने बैंक आफ इंडिया से दो लाख 3 हजार कर्ज लिया था। लिस्ट में इनका मात्र 67 रुपए बकाया दिखाया गया है।

केस 03 : किसान अमर सिंह ने भी सेंट्रल ग्रामीण बैंक से कर्ज लिया था उनका तो मात्र 22 रुपए बकाया बताते हुए सूची चस्पा की गई है।

किसानों से जब बकाया को लेकर बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने कर्जा चुकाया नहीं है, तो बकाया कैसे कम हो गया।

 

कांग्रेस सरकार ने कर्ज माफी के नाम पर किसानों के साथ सिर्फ मजाक किया है। उसे बताना चाहिए कि 10 दिन में कर्जमाफी की घोषणा की थी, 1 महीना हो गया लेकिन कर्जा माफ नहीं हुआ।
– शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री मप्र

 

जो सूची चस्पा हुई है वह बैंक से मिली है। इसमें किसानों पर बकाया की जानकारी दी गई है। किसान हरे रंग की रसीद में अपना दावा प्रस्तुत करें, शासन की तरफ से तय की गई राशि की कर्जमाफी की जाएगी।
– मनोज वर्मा, एसडीएम, बैरसिया

इधर, भोपाल के 63 हजार किसानों पर बैंकों का बकाया, सूची चस्पा
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री किसान ऋण माफी के लिए नेशनल, सहकारिता व अन्य बैंकों ने जिले में ही 63 हजार किसानों पर बकाया की सूची दी है। कई किसानों पर आठ लाख तक का कर्जा है। ये सूचियां संबंधित क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में चस्पा कर दी गईं हैं।

इन सूचियों में काफी संख्या में किसानों पर कम बकाया भी दर्शाया गया है। इसे बैंक की गलती माना गया है। कृषि अधिकारी एमएस देवकी का कहना है कि इस सूची के बाद किसान हरे और सफेद रंग की रसीदों में अपने दावे प्रस्तुत करेंगे, इसके बाद ऋण माफी की जाएगी। बैंक के स्तर से जो गलतियां हुईं हैं उसे किसान से बात कर दुरुस्त किया जाएगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो