scriptWeather Updates: केरल के बाद यहां भी भारी बारिश, 5 लोगों की मौत, कई नदियां उफान पर | weather report live: start flood in madhya pradesh like kerala alert | Patrika News
भोपाल

Weather Updates: केरल के बाद यहां भी भारी बारिश, 5 लोगों की मौत, कई नदियां उफान पर

Weather Updates: केरल के बाद यहां भी भारी बारिश, 5 लोगों की मौत, कई नदियां उफान पर

भोपालAug 21, 2018 / 06:15 pm

Manish Gite

flood

heavy rain alert in mp 30 august

भोपाल। केरल में तबाही मचाने के बाद अब मध्यप्रदेश में भी आफत की बारिश शुरू हो गई है। लगातार दो दिनों से जारी बारिश के बाद मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को सुबह ऐसा नजारा था, जिसे देख हर कोई सहम गया। भोपाल में पांच लोगों की मौत की खबर है। वहीं रायसेन, सिलवानी, विदिशा, राजगढ़-ब्यावरा से भी बाढ़ के कारण सड़क संपर्क टूटने की खबरें आ रही हैं। वहीं जनहानि के भी समाचार हैं।
Live Update

6.00 pm

खतरे के निशान से ऊपर बह रही है ताप्ती नदी

-बुरहानपुर से खबर है कि ताप्ती नदी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है।

-लगातार बारिश से पूरे बुरहानपुर में पानी-पानी हो गया है। पिछले 24 घंटे में 2.5 इंच के करीब बारिश दर्ज की गई है।
-223.300 मीटर पर पानी दर्ज किया गया है। बाढ़ के हालात देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। नगर निगम ने नीचली बस्ती में रहने वाले लोगों के लिए मुनादी करा दी है कि वह मकान खाली कर दे।
5.45 PM

-देवास जिले की गुनेरी नदी में बाढ़। पुल के ऊपर से बह रही है नदी।

-बागली-चापड़ा मार्ग अवरुद्ध हो गया है।

-नदी के दोनों तरफ सैकड़ों वाहन पानी उतरने का इंतजार कर रहे हैं।
5.30 pm

-मंदसौर के बड़वन में नाले में कार सहित 4 लोगों के बहने की खबर है।

5.00 pm

प्रदेशभर में कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी। कई इलाकों में भारी बारिश चल रही है। वहीं मौसम विभाग ने 21 जिलों में भी अलर्ट रहने को कहा है।
4.00 pm

भोपाल में शाम 6 बजे तक बारिश का दौर जारी था। यहां देर रात को तेज बारिश की आशंका जताई जा रही है। भोपाल में जारी बारिश ने एक बार फिर 12 साल पुरानी बाढ़ की याद दिला दी है।

मध्यप्रदेश में कहां-कैसी स्थिति

रायसेन का कई जिलों से संपर्क टूटा
हमारे रायसेन कार्यालय के मुताबिक सोमवार शाम से शुरू हुई जोरदार बारिश ने जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जिसे से बहने वाली सभी नदियों के साथ नाले भी उफान पर आ गए हैं। रायसेन शहर का अन्य तहसीलों और जिलों से सड़क संपर्क भी टूट गया है। रायसेन से भोपाल, सांची, विदिशा और सागर जाने वाले रास्ते सुबह से ही बंद हैं।

 

raisen

कई यात्री जगह-जगह फंसे
खबर है कि रायसेन जिले से गुजरने वाली कई यात्री बीच रास्ते में ही फंस गए हैं। वे नदी-नालों के उतरने का इंतजार कर रहे हैं। कई वाहन कतारों में खड़े हुए हैं।

दरगाह रपटे पर रहा सात फीट पानी
रायसेन से भोपाल मार्ग पर शहर की सीमा में दरगाह रपटा रात दस बजे से जलमग्र हुआ। जिस पर रात एक बजे सात फीट पानी हो गया था। मंगलवार सुबह नौ बजे तक रपटे में चार फीट पानी बह रहा था।

रीछन नदी में बह गया युवक
रायसेन से खबर है कि ग्राम पिपलई के रपटे को पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया। उसका नाम शकील हाफिज बताया जाता है, वो सेंटिंग का कार्य करता था।

 

raisen

भोपाल में बारिश ने ली 5 लोगों की जान
21 अगस्त मंगलवार को भोपाल के लोगों को एक बार फिर 15 अगस्त 2006 और 17 अगस्त 2006 की याद दिला दी। निचली बस्तियां जलमग्न हो गई हैं। शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर पांच लोगों के मारे जाने की खबर है। प्रोफेसर कालोनी स्थित उमा भारती के पुराने बंगले की दीवार गिर जाने से मजदूर के मकान में रह रहे एक महिला और दो बच्चियों की मौत हो गई। जबकि टीला जमालपुरा क्षेत्र में एक युवक के नाले में बहने से मौत हो गई। जबकि गुनगा क्षेत्र में दीवार गिरने से एक बच्ची की मौत हो गई।

 

bhopal
flood

निचली बस्तियों में बांटे खाने के पैकेट
निचली बस्तियों में पानी भर जाने के बाद विश्वास सारंग ने स्थिति का जायजा लिया। नरेला विधानसभा क्षेत्र के निचले इलाकों जैसे महामाई का बाग, सैमरा, द्वारका नगर, अशोका गार्डन, साईं राम कॉलोनी आदि में खिचड़ी और ब्रेड के पैकेट बांटे गए।

दक्षिण भारत की ट्रेनें प्रभावित
केरल में आई सदी की सबसे बड़ी बाढ़ के बाद वहां जाने वाल या वहां से आने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। 12645 एर्नाकुलम-हजरत निजामुद्दीन मिलेनियम एक्सप्रेस निरस्त की गई थी। जिसके कारण रैक के अभाव में दिनांक 21.08. 2018 को हजरत निजामुद्दीन से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 12646 मलेनियम एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। यह ट्रेन 21 अगस्त को भोपाल नहीं आएगी।

 

मुंबई-आगरा पर पानी ही पानी
राजगढ़-ब्यावरा से खबर है कि दूधी नदी और नाले उफान पर आ जाने से मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार फीट पानी भर गया है। सैकड़ों ट्रक रास्ते में ही रुक गए हैं। यहां पर कई स्थानों पर सड़क के भी छतिग्रस्त होने के समाचार हैं।

रायसेन जिले के सिलवानी से लगे ग्राम सलैया मे 11 साल का लड़का उफनते नाले में बह गया। वो साइकिल धोने के लिए नाले के किनारे गया था। तहसीलदार विनोद सहन मौके पर बचाव टीम के साथ पहुंच गए हैं। बालक का नाम राघव पिता धर्मेंद्र दौर बताया जाता है।

 

विदिशा के सारे रास्ते बंद
विदिशा से खबर है कि आसपास के जिलों से संपर्क कट जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां के अहमदपुर के रास्ते में पड़ने वाली नेमन नदी में उफान आ गया है, जिससे गैरतगंज और बेगमगंज का रास्ता भी बंद हो गया है। उधर, बेतवा का पानी बढ़ जाने से भी विदिशा में चिंता बढ़ गयी है।

सीहोर में बारिश जारी
इधर, सीहोर में रातभर से पानी गिरने से नगर से गुजरी सीवन नदी में पानी बढ़ गया है। इसके बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है।

21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश के आपदा कमिश्नर ने 21 जिलों के कलेक्टरों को भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। राजगढ़, आलीराजपुर, बड़वानी, धार, रतलाम, झाबुआ, इंदौर, उज्जैन, देवास, खंडवा, खरगोन, बैतूल, हरदा, होशंगाबाद, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, जबलपुर, गुना और शिवपुरी में तेज बारिश की आशंका के कारण अलर्ट रहने को कहा गया है।

Home / Bhopal / Weather Updates: केरल के बाद यहां भी भारी बारिश, 5 लोगों की मौत, कई नदियां उफान पर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो