scriptआइंस्टीन के सिद्धांत को चुनौती देने वाले वशिष्ठ नारायण का निधन, यहां बिताए थे गुमनामी के चार साल | world famous mathematician vashisth narayan singh passes away | Patrika News
भोपाल

आइंस्टीन के सिद्धांत को चुनौती देने वाले वशिष्ठ नारायण का निधन, यहां बिताए थे गुमनामी के चार साल

इलाज के लिए पुणे जाते समय खंडवा रेलवे स्टेशन पर हो गए थे लापता…।

भोपालNov 14, 2019 / 03:37 pm

Manish Gite

vashishth1.jpg

 

भोपाल। जाने-माने गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह ( vashishtha narayan singh ) का गुरुवार को बिहार के पटना में निधन हो गया। नासा में काम करने वाले और आइंस्टीन के सिद्धांत को चुनौती देने वाले महान गणितज्ञ अपनी मानसिक बीमारी के कारण मध्यप्रदेश के खंडवा रेलवे स्टेशन से लापता हो गए थे। इसके बाद वे करीब चार सालों तक सड़कों पर रातें बिताते रहे।

भोजपुर जिले के बसंतपुर गांव के गरीब परिवार में जन्मे वशिष्ठ नासा से भी जुड़ गए थे, लेकिन उन्हें सिजोफ्रेनिया ( Schizophrenia ) नामक बीमारी होने के कारण उनकी मानसिक हालत खराब हो गई। 1989 में वे तब सुर्खियों में आ गए थे, जब वे मध्यप्रदेश के खंडवा रेलवे स्टेशन पर उतरकर गायब हो गए थे। वे अपना और पता भी बताने की स्थिति में नहीं थे।

 

1989 में खंडवा में हुए थे गायब
बात अगस्त 1989 की है। जब उनके भाई रांची से रैफर करवाकर पुणे इलाज के लिए ले जा रहे थे, तभी खंडवा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी रुकी तो वे अचानक ट्रैन से उतर गए। उस समय ट्रेन में भीड़ अधिक थी और वे कब भीड़ में खो गए और उधर-उधर हो गए पता ही नहीं चला। वे उनके भाई से बिछड़ गए थे। कई दिनों तक वे खंडवा रेलवे स्टेशन और उसके आसपास भिखारियों की तरह जीवन यापन करते रहे। उनकी हालत देखकर कोई भी नहीं पहचान पाया कि यह महान गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह हैं। मध्यप्रदेश में करीब चार साल तक गुमनामी की जिंदगी जीने के बाद भीख मांगते हुए नजर आए। इसके बाद उन्हें उनके गांव भिजवा दिया गया। इसके बाद बिहार सरकार ने इलाज के लिए बेंगलुरु भिजवाया। मार्च 1993 से जून 1997 तक उनका इलाज चलता रहा। इसके बाद से वे अपने गांव में ही रहते थे।

 

आइंस्टीन को चुनौती देकर आए थे सुर्खियों में
महान गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह ने जब आइंस्टीन के सिद्धांत को चुनौती दी तो वे दुनियाभर में सुर्खियों में आ गए थे। कम उम्र में ही उन्हें अपने सिद्धांतों के कारण ख्याति मिल गई थी। भोजपुर जिले के वसंतपुर गांव के गरीब परिवार में जन्मे वशिष्ठजी अपनी काबिलियतके बल पर नासा तक पहुंच गए थे, लेकिन जवानी के दिनों में ही ही उन्हें सीजोफ्रेनिया नामक बीमारी हो गई। इसकी वजह से वह पिछले दो दशक से गुमनामी की जिंदगी जी रहे थे।

 

vashishth.jpg

ऐसे थे वशिष्ठ नारायण
-वशिष्ठ नारायण सिंह का जन्म 2 अप्रैल 1946 को हुआ।
-डॉक्टर वशिष्ठ नारायण सिंह पिछले 44 साल से सीजोफ्रेनिया (मानसिक बीमारी) से पीड़ित थे।
-उनके बारे में बताया जाता है कि जब वे नासा में काम करते थे तब एक बार अपोलो (अंतरिक्ष यान) की लॉन्चिंग से पहले 31 कम्प्यूटर कुछ समय के लिए बंद हो गए थे। इस दौरान उन्होंने पेन और पेंसिल से ही कैलकुलेशन करना शुरू कर दिया था। जब कम्प्यूटर ठीक हुआ तो उनका और कम्प्यूटर्स का कैलकुलेशन एक जैसा निकला। जिसे देख सभी वैज्ञानिक हैरान हो गए थे।
-वशिष्ठ ने नेतरहाट विद्यालय से मैट्रिक किया।
-वह संयुक्त बिहार में टॉपर रहे थे।
-वशिष्ठ जब पटना साइंस कॉलेज में पढ़ते थे, तब कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जॉन कैली की नजर उन पर पड़ी। कैली ने उनकी प्रतिभा को पहचान लिया और 1965 में वशिष्ठ को अपने साथ अमेरिका ले गए थे। 1969 में उन्होंने कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से PHD की और वाशिंगटन यूनिवर्सिटी में एसोसिएट प्रोफेसर बन गए।
-नासा में भी काम किया, लेकिन मन नहीं लगा और 1971 में भारत लौट आए। उन्होंने आईआईटी कानपुर, IIT मुंबई और ISI कोलकाता में भी काम किया।

 

पत्नी ने ले लिया था तलाक
वशिष्ठजी के बारे में बताया जाता है कि 1973 में वशिष्ठ नारायण की शादी वंदना रानी सिंह से हुई थी। उसके बाद उनके असामान्य व्यवहार के बारे में पता चला। वे अक्सर छोटी-छोटी बातों पर बहुत गुस्सा हो जाते थे, कमरा बंद करके दिनभर पढ़ते रहते थे। रात भर जागते रहते थे। उनके व्यवहार के कारण उनकी पत्नी ने तलाक ले लिया था।

 

प्रकाश झा बनाएंगे फिल्म
उल्लेखनीय है कि गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह पर जाने-माने बॉलीवुड फिल्म मेकर प्रकाश झा एक फिल्म बनाने वाले हैं। वशिष्ठ नारायण के जीवन पर आधारित फिल्म बनाने की जानकारी फिल्म निर्माता प्रीति सिन्हा, सह-निर्माता नम्रता सिन्हा और अमोद सिन्हा ने एक प्रेस कॉन्प्रेस में दी थी। प्रीति ने मीडिया से कहा था कि ऐसे मकान व्यक्ति वशिष्ठजी की बायोपिक दुनिया के सामने आना चाहिए। इस फिल्म को बिहार के ही रहने वाले जाने-माने निर्देशक प्रकाश झा निर्देशित करेंगे।

Home / Bhopal / आइंस्टीन के सिद्धांत को चुनौती देने वाले वशिष्ठ नारायण का निधन, यहां बिताए थे गुमनामी के चार साल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो