
भोपाल. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक सरकारी स्कूल में चौथी क्लास की बच्ची से रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची की उम्र महज 8 साल है जिसे दरिंदा स्कूल के ही टॉयलेट में उठाकर ले गया और वहां पर उसके साथ हैवानियत की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी का नाम लक्ष्मीनाराण धानक है जो कि स्कूल में ही रहकर झाड़ू पोंछा और सफाई करने वाली महिला कर्मचारी का पति है। आरोपी ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
स्कूल के टॉयलेट में बच्ची से दरिंदगी
घटना शहर के पॉश इलाके कोहेफिजा के एक सरकारी स्कूल की है। जहां पढ़ने वाली 4 क्लास की बच्ची के साथ शुक्रवार की दोपहर के वक्त दरिंदगी की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर को करीब डेढ़ बजे लंच करने के बाद बच्ची टॉयलेट करने के लिए गई थी। तभी आरोपी लक्ष्मीनारायण धाकड़ ने पीछे से उसकी आंखों को अपने हाथों से बंद कर दिया और उठाकर नए बने अंधेरे टायलेट में ले गया जहां मुंह दबाकर उसके साथ गलत काम किया। बच्ची रोते हुए क्लास में वापस लौटी तो साथ पढ़ने वाले बच्चों ने टीचर को उसके रोने के बारे में बताया। टीचर ने बच्ची से पूछा तो उसने पूरी बात बताई साथ ही ये भी बताया कि पीली शर्ट वाले अंकल उसे उठाकर ले गए थे और गलत काम किया।
पीली शर्ट से पकड़ाया हैवान
स्कूल के टीचर्स ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल में पीली शर्ट वाले व्यक्ति की तलाश की लेकिन वो नहीं मिला। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि स्कूल की ही महिला सफाईकर्मचारी का पति पीली शर्ट पहने हुए था जो शुरुआत में पुलिस को नहीं मिला। पुलिस ने उसकी तलाश की तो कुछ ही देर में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया है। बताया जा रहा है कि बच्ची का 8 दिन पहले ही स्कूल में एडमिशन हुआ है।
Published on:
23 Jul 2022, 5:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.