Bikaner News: हरीसिंह मीणा को लगाया एडीएम सिटी
बीकानेर. राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने करीब एक महीने पहले जारी किए आरएएस सुशीला वर्मा को अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) के पद पर लगाने के आदेश निरस्त कर दिए है। संयुक्त शासन सचिव देवेन्द्र कुमार की ओर से जारी आदेश में अतिरिक्त आयुक्त उपनिवेशन (सतर्कता) हरीसिंह मीणा को अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर के पद पर लगाया गया है।कार्मिक विभाग ने गत 22 अप्रेल को केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की पुत्रवधु आरएएस सुशीला वर्मा का तबादला सहायक भू प्रबंधन अधिकारी बीकानेर के पद से एडीएस सिटी के पद पर किया था। इसे लेकर स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति दर्ज कराई थी। यहां तक की राज्य सरकार में मंत्रियों ने भी बीकानेर शहर के एडीएम के पद पर लगाने पर आश्चर्य जताया था।
हालांकि तबादला आदेश जारी होने के बाद बीते एक महीने में सुशीला वर्मा ने पुराने पदस्थापन से रिलीव होकर एडीएम सिटी का कार्यभार ग्रहण भी नहीं किया था। सूत्रों के मुताबिक अभी वे जिस सीट पर कार्यरत हैं, वहां सीनियर आरएएस अधिकारी को कम ही लगाया जाता है।