बीकानेर

कार में लिफ्ट लेने के बहाने कार रुकवाई, रुपए व कार लूट ले भागे

जामसर थाना क्षेत्र के नूरसर फांटे पर हुई घटना- पुलिस ने कराई नाकाबंदी, हाथ नहीं लगे आरोपी

2 min read
कार में लिफ्ट लेने के बहाने कार रुकवाई, रुपए व कार लूट ले भागे

बीकानेर। जामसर थाना क्षेत्र में ठेकेदार को धक्का देकर कार व रुपयों से भरा बैग लूट ले गए। घटना के तुरंत बाद पीडि़त ने जामसर थाने को इत्तला दी। पुलिस ने नाकाबंदी कराई लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। इस संबंध में पीडि़त चुंगी चौकी बंगलानगर निवासी मुमताज अली पुत्र उस्मान अली नागौरी ने एक व्यक्ति के खिलाफ लूट के आरोप में मामला दर्ज कराया है।


जामसर एसएचओ इन्द्रकुमार के मुताबिक पीडि़त मुमताज अली ने बताया कि आठ फरवरी की रात को वह बीकानेर अपने घर आ रहा था। तभी नूरसर फांटे पर फलौदी तहसील के देहनोक निवासी प्रेमाराम जाट मिला।

उसने कार को रुकवाया। कार में लिफ्ट मांगी। कार में बैठने के बाद आरोपी ने उसे डराया-धमकाया। कार कुछ दूर चलने के बाद कृष्णा पेट्रोल पंप के पास बंद हो गई। तब आरोपी ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और कार लेकर फरार हो गया।

दोस्तों ने पीछा किया लेकिन नहीं मिला

पीडि़त ने बताया कि वह घटना के बाद घबरा गया। उसने घटना की जानकारी अपने दोस्त कालू व मिस्त्री रामजी को बताई। उक्त लोगों ने कार का पीछा भी लेकिन वे हाथ नहीं लगे। बाद में पुलिस को घटना की जानकारी दी। कार में दो लाख 73 हजार रुपए थे वह भी आरोपी लूट ले गया। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है।

नाकाबंदी कराई, आरोपी की तलाश जारी

जामसर पुलिस के अनुसार वारदात का पता चलने पर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कराई गई। आरोपी की तलाश में उसके ठिकानों पर दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया गया है।

हाल ही में हुई लूट की घटनाएं

- कोटगेट थाना क्षेत्र में महिला के गले से चेन छीनी भागे बदमाश
- कोटगेट थाना क्षेत्र के पंचमुखा हनुमान मंदिर क्षेत्र में दो फरवरी को वृद्धा प्रेमलता देवी के साथ नौकरानी ने की लूट

- गंगाशहर थाना क्षेत्र में आठ फरवरी को मुनीम शिवनारायण ओझा के साथ लूट
- कोतवाली थाना क्षेत्र में 29 जनवरी को पान विक्रेता फुलचंद सेवग के साथ लूट का प्रयास

- सदर थाना क्षेत्र में 29 जनवरी को दिन-दहाड़े श्री हीरा ज्वैलर्स के यहां लूट
- नयाशहर थाना क्षेत्र में 30 जनवरी को दिन-दहाड़े गैस सिलेंडर डिलीवरी मैन के साथ लूट

- जेएनवीसी थाना क्षेत्र में 9 फरवरी को दिन-दहाड़े महिला रश्मि शर्मा के गले से चेन तोड़ ले गए बदमाश

Published on:
11 Feb 2023 11:21 am
Also Read
View All

अगली खबर