scriptचंडीगढ़ में गरजे नितिन गडकरी,बोले-पाकिस्तान ने आतंकवाद को बढावा दिया तो पानी बन्द किया जाएगा | gadkari says if pakistan will not stop terrorism india will stop water | Patrika News
चंडीगढ़ पंजाब

चंडीगढ़ में गरजे नितिन गडकरी,बोले-पाकिस्तान ने आतंकवाद को बढावा दिया तो पानी बन्द किया जाएगा

कहा-चंडीगढ में भाजपा प्रत्याशी किरण खैर की जीत से विकास की गति तेज होगी
 
 

चंडीगढ़ पंजाबMay 02, 2019 / 07:26 pm

Prateek

nitin gadkari

nitin gadkari

(चंडीगढ): केन्द्रीय सडक परिवहन और राजमार्ग एवं जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी ने आज बीजेपी के राष्ट्रवाद के मुद्ये को और आगे बढाते हुए कहा कि यदि पाकिस्तान आतंकवाद को बढावा देने से बाज नहीं आया तो उसे सिधु जल संधि के तहत दिया जा रहा पानी बन्द किया जाएगा। गडकरी ने इसके साथ ही वायदा किया कि पाकिस्तान के साथ सिधु जल संधि में देश को मिले पानी का भरपूर दोहन कर पंजाब, हरियाणा और राजस्थान को सिंचाई के लिए और पानी मुहैया कराया जाएगा। लोकसभा चुनाव के दौरान इन तीन राज्यों में राजनीति के केन्द्र में आए पानी के मुद्ये का समाधान बताने के साथ ही उन्होंने चंडीगढ को लेकर भी वायदा किया। उन्होंने कहा कि यदि चंडीगढ से भाजपा प्रत्याशी मौजूदा सांसद किरण खैर फिर जीतती हैं तो शहर का विकास तेज गति से होगा।

 

गडकरी चंडीगढ़ लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से आयोजित प्रबुद्धजनों की सभा को संबोधित कर रहे थे। गडकरी ने इन वायदों के साथ यह भी कहा कि वे धरातल पर वायदे करते हैं और उन्हें पूरा करते है। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच की गई सिंधु जल संधि के तहत दोनों देशों के बीच तीन-तीन नदियों के पानी का बटवारा किया गया था। अब भारत के हिस्से की तीन नदियों के पानी के भरपूर दोहन के लिए पांच प्रोजेक्ट तैयार किए गए है। इन प्रोजेक्ट के जरिए पंजाब और हरियाणा को भरपूर पानी मिलेगा। राजस्थान के भी नौ जिलों को पानी मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश की नदियों को जोडने का प्रोजेक्ट भी शुरू किया जा रहा है। इसके लिए 36 विस्तृृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई है। दक्षिण की कृृष्णा, गोदावरी और कावेरी नदियां भी जोडी जायेंगी। उन्होंने कहा कि देश में पानी की कमी नहीं बल्कि पानी का नियोजन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा के कृृषि संकट के मद्येनजर समाधन के कुछ उपायों पर विचार किया गया है। इसके लिए गन्ने पिराई के अपशिष्ट से इथेनॉल उत्पादन उद्योग को मौजूदा 11 हजार करोड से बढाकर दो लाख करोड तक ले जाने के प्रयास किए जा रहे है। बायो ईंधन को प्रचलन में लाने के लिए साढे चार सौ बसों को इससे चलाने की योजना है। इससे प्रदूषण भी कम होगा। पंजाब और हरियाणा में पराली जलाए जाने से पैदा होने वाले प्रदूषण का समाधान भी होगा। पराली से बायो ईंधन बनाया जाएगा। इससे पांच लाख करोड का उद्योग खडा होगा और पचास लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। पिछले गणतंत्र दिवस पर बायो ईंधन से हेलीकॉप्टर व विमान भी उडाए गए थे।

 

गडकरी ने कहा कि उन्होंने गंगा का पानी शुद्ध करने का अहम काम पूरा किया है। अब गंगा जल पीने योग्य हो गया है। इलाहाबाद से वाराणसी तक गंगा में जल मार्ग विकसित किया गया है। तभी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इलाहाबाद से वाराणसी तक गंगा में जल यात्रा कर पाई है। दिल्ली से यमुना का 12 हजार करोड रूपए लागत से जलमार्ग विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजमार्ग मंत्रालय ने पिछले पांच साल में 17 लाख करोड रूपए खर्च किए है। उन्होंने कहा कि राजमार्ग निर्माण से दिल्ली का प्रदूषण 38 फीसदी कम हुआ है। नए राजमार्ग निर्माण से मेरठ से दिल्ली का सफर मात्र 45 मिनट का रह जायेगा। दिल्ली से मुबई का सफर 12 घंटे में तय किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ शहर की यातायात समस्या दूर करने के लिए डबल डेकर स्काई बस चलाई जायेगी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो