पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जुन्नारदेव के वार्ड क्रमांक 13 निवासी सोनू उर्फ रुचिका भल्ला 29 जून की रात में खाना खाने के बाद घर में सो गई थी। उनकी दो बेटियां भी घर में थी। छोटी बेटी की उम्र 15 एवं बड़ी बेटी की उम्र 22 वर्ष बताई जा रही है। बुधवार सुबह दोनों बेटियों ने मां रुचिका भल्ला का शव फांसी के फंदे पर लटका देखा तो वे होश खो बैठीं।
चीखचीखकर रोने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग पहुंचे और महिला का शव फंदे से निकाला। कुछ देर बाद दोनों बेटियों की हालत बिगड़ती देखी तो उन्होंने एम्बुलेंस बुलाकर तत्काल जिला अस्पताल रैफर किया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज शुरू किया तो सामने आया कि दोनों बेटियों ने विषाक्त पदार्थ खाया था जिसकी वजह से उनकी हालत बिगड़ गई। हालांकि इलाज के बाद हालत में सुधार बताया जा रहा है। घटना के बाद से जुन्नारदेव क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि 29 जून की रात में मृतिका ने सोशल मीडिया पर पति को याद करने एवं जल्द पति के पास पहुंचने वाला स्टेट्स डाला था। बताया जा रहा है कि 30 जून 2021 को रुचिका के पति धर्मेन्द्र भल्ला की मौत हुई थी जिसके बाद से उनका मानसिक संतुलना बिगड़ गया था।
पति की याद में दी जान
रुचिका के पति धर्मेन्द्र भल्ला की 30 जून 2021 को मौत हुई थी। इसी दिन रुचिका ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला का शव बुधवार सुबह 10.30 बजे घर से निकाला गया है। बताया जा रहा है कि महिला ने पति के वियोग में जान दे दी है।