scriptCollege: पीजी कॉलेज में सेनेटरी पैड मशीन की दरकार, नई सडक़ का निर्माण भी नहीं हुआ शुरु | College: Need of sanitary pad machine in PG college | Patrika News
छिंदवाड़ा

College: पीजी कॉलेज में सेनेटरी पैड मशीन की दरकार, नई सडक़ का निर्माण भी नहीं हुआ शुरु

तीन माह पहले जनभागीदारी समिति ने विभिन्न प्रस्तावों पर लगाई थी मुहर
 

छिंदवाड़ाDec 19, 2023 / 12:25 pm

ashish mishra

College news: पीजी कॉलेज में पटरी पर नहीं लौटी अध्यापन व्यवस्था

College news: पीजी कॉलेज में पटरी पर नहीं लौटी अध्यापन व्यवस्था


छिंदवाड़ा. पीजी कॉलेज में विकास कार्य रूके पड़े हुए हैं। जबकि लगभग तीन माह पहले जनभागीदारी समिति की बैठक में प्रस्ताव रखे गए थे और उस पर मुहर भी लगाई गई थी। पीजी कॉलेज में नई सडक़ निर्माण भी होना है। कॉलेज के गेट के सामने आम सडक़ होकर गुजरती है। इससे विद्यार्थियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। कॉलेज कवर्ड न होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। फर्राटा भरते वाहनों के बीच सडक़ पार करना पड़ता है। इससे आए दिन विद्यार्थी चोटिल होते हैं। नैक टीम ने भी कॉलेज के कवर्ड न होने पर सवाल खड़े किए थे। सडक़ की समस्या काफी समय से बनी हुई है। हालांकि कॉलेज प्रबंधन ने इस पर प्रयास कर प्रशासन का ध्यान दिलाया था। इसके बाद प्रशासन स्तर पर प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। कॉलेज की जनभागीदारी समिति ने भी अपनी सहमति दे दी थी। जनभागीदारी समिति बैठक में कॉलेज विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी हुई, लेकिन अभी कार्य शुरु नहीं हो पाया।

विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम की पुस्तक भी नहीं मिली
कॉलेज में अक्सर अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों को पुस्तक न होने की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए समिति ने कॉलेज की पुस्तकालय और विभिन्न विभागों में नई शिक्षा नीति के तहत अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकों की खरीदी के लिए स्वीकृति दी थी, लेकिन अब तक किताबें नहीं खरीदी गई। इसके अलावा विधि विभाग की बिल्डिंग के तरफ कॉलेज स्टाफ और विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त शौचालय का निर्माण करने, कॉलेज में सेनेटरी पैड मशीन लगाने पर सहमति बनी थी। यह काम भी अधूरा है। समिति ने कॉलेज में बास्केट बॉल कोर्ट निर्माण, कॉलेज के बाहरी क्षेत्र में बाउंड्रीवॉल की मरम्मत, सीमेंट क्रिकेट आयरन क्रेज, स्पोट्र्स विभाग ऑडिटोरियम एवं अंग्रेजी स्पोकन कोर्स प्रारम्भ करने पर भी अपनी सहमति दी थी।
शासन ने डेढ़ साल पहले ही जारी किए थे आदेश
उच्च शिक्षा विभाग ने लगभग डेढ़ साल पहले कॉलेजों में सेनेटरी पैड मशीन लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद भी कई कॉलेजों में पालन नहीं हो रहा है। सेनेटरी पैड मशीन लग जाने से कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं को काफी सहूलियत हो जाएगी।
कॉलेज के बाहर बनना है सार्वजनिक शौचालय
जनभागीदारी समिति ने कॉलेज के बाहर एक सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने पर भी सहमति दी थी। कॉलेज के सामने से जाने वाली सडक़ को पीछे की ओर से मोडऩे के प्रस्ताव, मुख्य द्वारों का निर्माण, पार्किंग निर्माण, ओपन जिम के आसपास निर्माण, बगीचे का रखरखाव पर भी मुहर लगाई थी। इसके अलावा अन्य विषयों पर प्रस्ताव की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इनका कहना है…
जनभागीदारी समिति की बैठक में जो निर्णय लिए गए हैं उन सभी पर काम होने हैं। चुनाव की वजह से कार्य शुरु नहीं हुआ। जल्द ही जनभागीदारी अध्यक्ष एवं प्राचार्य के साथ बैठक कर आगामी कार्ययोजना बनाई जाएगी। शासन, ऑटोनोमस एवं जनभागीदारी मद से जल्द ही कार्य शुरु होंगे।
डॉ. अनिल जैन, जनभागीदारी प्रभारी, पीजी कॉलेज, छिंदवाड़ा

Hindi News/ Chhindwara / College: पीजी कॉलेज में सेनेटरी पैड मशीन की दरकार, नई सडक़ का निर्माण भी नहीं हुआ शुरु

ट्रेंडिंग वीडियो