scriptशादी में भोजन के बाद दो बालिकाओं की मौत, डेढ़ दर्जन से ज्यादा अस्पताल में भर्ती | Two guests die, many sick after consuming food poisoning | Patrika News
छिंदवाड़ा

शादी में भोजन के बाद दो बालिकाओं की मौत, डेढ़ दर्जन से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

प्रशासन ने पांढुर्ना अस्पताल में कराया भर्ती, एसडीएम ने कहा-पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा

छिंदवाड़ाMay 17, 2022 / 11:37 am

Manish Gite

chhindwara.png

पांढुर्ना/ छिंदवाड़ा. पांढुर्ना अनुभाग क्षेत्र के ग्राम कौडिय़ा के शादी समारोह में विषाक्त भोजन खाने से दो बालिकाओं की मौत हो गई व डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग बीमार हो गए। इनमें बच्चों की संख्या अधिक है। सूचना मिलते ही प्रशासन ने पीडि़तों को पांढुर्ना अस्पताल में लाकर भर्ती कराया।


बताया जाता है कि रविवार रात को कौडिय़ा में जींदू झूमक उइके की बेटी की शादी थी। विवाह में भोजन के बाद अचानक उल्टी-दस्त होने लगे। परिजन पीडि़तों को अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही इलाज करते रहे। इसके चलते भोजन के बाद पलक पुत्री महकलाल उइके ने रात में ही दम तोड़ दिया। उसके बाद सोमवार सुबह 11 बजे एक और बच्ची अक्षरा उइके की मौत हो गई। विवाह समारोह में भोजन करने से रवीना उइके, देवदास उइके, ललिता उइके, अमिता उइके, निशा उइके, दुर्गा उइके , अमन उइके, कान्ति उइके, मीना उइके, संगीता उइके, मनू इवनाती सहित डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ी।


12 घंटे बाद तक नहीं थी जानकारी

लावाघोघरी पुलिस के अनुसार घटना के 12 घंटे बाद तक प्रशासन को इसकी कोई सूचना नहीं थी। सोमवार दोपहर एक बजे बीएमओ डॉ.नरेश गौनाडे को भी इसकी जानकारी नहीं थी। जैसे-तैसे सूचना मिलने के लम्बे समय बाद प्रशासन हरकत में आया व चिकित्सा कर्मियों की एक टीम गांव भेजी। फिर बीमार लोगों को सिविल अस्पताल पांढुर्ना लाकर भर्ती कराया गया।


तकलीफ बढ़ी तो हमें सूचना: एसडीएम

पांढुर्ना एसडीएम आरआर पाण्डे ने बताया कि रात को एक बच्ची की मौत हुई। इसके बाद परिवार वालों ने उसे दफना दिया था। सुबह जब दूसरी बच्ची की मौत हुई और अन्य लोगों की भी तकलीफ बढऩे लगी तो इसकी खबर लगी। हमने वाहनों के जरिए मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक रूप से फूड पॉयजनिंग से ही मौत होने की बात सामने आई है। क्या दूषित भोजन खाया, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।

 

अस्पताल में 17 भर्ती, सभी खतरे से बाहर

पांढुर्ना अस्पताल के डॉ.विनीत श्रीवास्तव ने बताया कि फूड पॉयजनिंग से पीडि़त कुल 17 मरीज भर्ती हैं। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है। इधर, छिंदवाड़ा में सीएमएचओ डॉ.जीसी चौरसिया ने इसकी जानकारी लेने और इलाज में गंभीरता बरतने के निर्देश स्थानीय स्वास्थ्य कर्मचारियों को देने की बात कहीं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो