scriptदोनों दोस्त साथ-साथ करते थे वॉकिंग, साथ आई मौत, साथ हुआ अंतिम संस्कार | two friends die in road accident in churu | Patrika News
चुरू

दोनों दोस्त साथ-साथ करते थे वॉकिंग, साथ आई मौत, साथ हुआ अंतिम संस्कार

कस्बे के वार्ड 19 दड़ीबा मोहल्ला निवासी उदय चन्द लाडुणा (55) व जगदीश छापोला (50) दोनों पड़ोसी दोस्त थे।

चुरूJan 12, 2019 / 06:07 pm

Kamlesh Sharma

accident in churu
चूरू। कस्बे के वार्ड 19 दड़ीबा मोहल्ला निवासी उदय चन्द लाडुणा (55) व जगदीश छापोला (50) दोनों पड़ोसी दोस्त थे। दोनों हर सुबह एक साथ वॉकिंग करने जाते थे और साथ आते थे। दोनों ने सोचा भी नहीं था कि दोनों की मौत भी एक साथ आएगी। लेकिन शानिवार सुबह दोनों की एक साथ वॉकिंग करते मौत आ गई। दोनों का अंतिम संस्कार भी एक ही मोक्षधाम में अलग-अलग चिता पर किया गया।
बता दें कि उदय चन्द्र व जगदीश का घर आमने-सामने है। कई सालों से साथ वॉकिंग करने जाते थे। शनिवार सुबह 5.30 बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। सीकर-नोखा स्टेट हाइवे 20 पर वॉकिंग कर वापस घर आ रहे थे। दाधीच पेट्रोल पम्प से कुछ दूरी पर करीब 6.30 बजे के आस-पास अज्ञात वाहन ने दोनों के टक्कर मार दी, जिससे दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गए। दोनों को 108 एम्बुलेंस से राजकीय सीएचसी लाया गया।
चिकित्सकों ने गम्भीर हालात को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सुजानगढ़ रैफर कर दिया गया। सुजानगढ़ पहुंचने से पहले ही उदयचन्द की मौत हो गई तथा सुजानगढ पहुंचने के बाद जगदीश प्रसाद को जयपुर रैफर कर दिया गया।
उसकी भी गांव लोढ़सर के पास मौत हो गई। जब घटना की जानकारी दड़ीबा वासियों को मिली तो मोहल्ले में शोक की लहर छा गई। दोनों की अकाल मौत पर वार्ड व मोहल्ले के लोगों की आंखे नम हो गई। दोनों के घरों में चूल्हे तक नहीं जले। वहीं बीदासर कस्बे व दड़ीबा में दोनों की अकाल मौत पर व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
दो बेटियों व बेटा की शादी बाकी
मृतक जगदीश प्रसाद अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह निर्माण कार्य के ठेके लेकर अपने घर परिवार का पालन-पोषण करता था। जगदीश के पांच बेटियां तथा 12 वर्षीय एक बेटा है। इसमे तीन पुत्रियों की शादी कर चुका है। घर में कमाने वाला वह अकेला था। जो अकाल मौत की भेंट चढ़ गया। वहीं उदयचन्द पांच भाइयों में तीसरा था, जो बीदासर के मण्डी बाजार में जूते चप्पल की दुकान करता था। उसी से अपने परिवार का घर खर्च चलाता था। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है।
घर मे मचा कोहराम
दोनों मृतकों के शव सुजानगढ़ के अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद उनके घर पहुंचे तो दोनों घरों में कोहराम मच गया। वहीं जगदीश प्रसाद के वृद्ध पिता सुरजाराम छापोला तथा भाइयों व पुत्रियों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद वाहन चालक फरार
सुबह 6.30 बजे के आस-पास हाइवे पर दोनों युवकों को टक्कर मारने के बाद वाहन चालक वाहन को लेकर घटना स्थल से तुरन्त फरार हो गया। सुजानगढ पुलिस उप अधीक्षक नरेन्द्र शर्मा घटना स्थल पर पहुंचकर कर घटना का जायजा लिया। मौके पर पुलिसकर्मीयों को जांच के दिशा निर्देश दिए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो