
लाहौर। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के अगले सेशन को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ( PCB ) ने एक बहुत बड़ी जानकारी दी है। दरअसल, PSL का अगला सीजन पूरी तरह से पाकिस्तान ( Pakistan ) में ही होगा। इस लीग के सभी 34 मैच पाकिस्तान में ही खेले जाएंगे। इन मैचों की मेजबानी पाकिस्तान के ही चार स्टेडियम करेंगे।
अभी तक यूएई में खेले जाते थे मैच
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान सुपर लीग के सभी मैच अब पाकिस्तान की ही धरती पर खेले जाएंगेष। अभी तक इस लीग के ज्यादातर मैच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेले जाते थे। पाकिस्तान सुपर लीग का आगाज 20 फरवरी को होगा। ये लीग 22 मार्च तक चलेगी।
ये स्टेडियम करेंगे मैचों की मेजबानी
PSL के पिछले संस्करण के ज्यादातर मैच UAE में खेले गए थे और लीग के सिर्फ आठ मैच पाकिस्तान में खेले गए थे। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बुधवार को लीग के मैचों का कार्यक्रम जारी किया है। इसके मुताबिक, कराची का नेशनल स्टेडियम नौ मैचों की मेजबानी करेगा। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 14 मैच खेले जाएंगे। मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में तीन मैचों का आयोजन होगा जबकि रावलपिंडी के पिंडी क्रिकेट स्टेडियम में आठ मैच होंगे।
PCB चेयरमैन का बयान
PCB के चेयरमैन एहसान मनी ने कहा, 'पाकिस्तान में टेस्ट क्रिकेट की वापसी और एचबीएल की सफल मेजबानी के बाद PSL एक और बड़ा टूर्नामेंट है। मुझे इस बात में किसी तरह का संदेह नहीं रहा कि यह पाकिस्तान की लीग है और इसे घरेलू दर्शकों के सामने खेला जाना चाहिए। हमने पिछले साल इस लीग के अंत में पाकिस्तान के लोगों से इस बात का वादा किया था और आज मैं इस लीग का कार्यक्रम घोषित कर बेहद खुश हूं जिसमें देश के चार सेंटर 34 मैचों की मेजबानी करेंगे।'
Updated on:
2 Jan 2020, 9:18 AM IST
Published on:
2 Jan 2020, 8:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.