scriptAndile Phehlukwayo की ट्वीट से मची सनसनी, Morne Morkel की मौत की उड़ी अफवाह | Tweet of Andile Phehlukwayo triggered rumors of Morne Morkel s death | Patrika News
क्रिकेट

Andile Phehlukwayo की ट्वीट से मची सनसनी, Morne Morkel की मौत की उड़ी अफवाह

Andile Phehlukwayo की दूसरी ट्वीट के बाद मोर्केल के प्रशंसकों ने राहत की सांस ली और इसके बाद उन्होंने फेहलुकवायो को जमकर खरी-खोटी सुना दी।

Jul 24, 2020 / 08:24 pm

Mazkoor

tweet_of_andile_phehlukwayo_triggered_rumors_of_morne_morkel_s_death_1.jpg

Tweet of Andile Phehlukwayo triggered rumors of Morne Morkel s death

नई दिल्ली : दक्षिण अफ्रीकी हरफनमौला एंडिले फेहलुकवायो (Andile Phehlukwayo) की एक ट्वीट से लोगों में ऐसी गफलत फैली कि प्रशसंकों को लगा कि दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम (South Africa Cricket Team) के पूर्व तेज गेंदबाज मॉर्न मोर्केल (Morne Morkel) का निधन हो गया है। इसके बाद मोर्केल की मौत की खबर वायरल हो गई। इसके बाद फेहलुकवायो ने ट्विटर पर यह साफ किया कि मॉर्न मोर्केल के लिए उन्होंने यह ट्वीट नहीं किया था, बल्कि मॉर्न वैन रेंसबर्ग के लिए किया था।

ये है माजरा

एंडिले फेहलुकवायो ने गुरुवार को एक ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने RIP मॉर्न लिखा था। उनकी इस ट्वीट के बाद प्रशंसकों को लगा कि वह मॉर्न मोर्केल के लिए है। बस क्या था। इसके बाद सोशल मीडिया पर मोर्केल के मौत की अफवाह फैल गई। कुछ लोगों ने इसी ट्वीट पर फेहलुकवायो से ही पूछ लिया कि क्या यह ट्वीट मॉर्न मोर्केल के लिए है। इस पर उन्होंने अपनी अगली ट्वीट में लिखा, ‘मॉर्न वैन रेंसबर्ग’। तब जाकर मामला साफ हुआ कि मॉर्न मोर्केल के लिए यह ट्वीट नहीं था।

 

https://twitter.com/andileluck19/status/1286379001582362625?ref_src=twsrc%5Etfw

प्रशंसकों ने सुनाई खरी-खोटी

फेहलुकवायो की दूसरी ट्वीट के बाद मोर्केल के प्रशंसकों ने राहत की सांस ली और इसके बाद उन्होंने फेहलुकवायो को जमकर खरी-खोटी सुना दी। प्रशंसकों ने इस हरफनमौला को नसीहत दी कि इस तरह के संवेदनशील ट्वीट में पूरा नाम लिखना चाहिए। मॉर्न मोर्केल दक्षिण अफ्रीका के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में से एक हैं। उन्होंने महज दो साल पहले 2018 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा है।

स्टार खिलाड़ी हैं मोर्केल

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मोर्केल ने अपने देश की तरफ से कुल 86 टेस्ट, 117 एकदिवसीय और 44 टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने क्रमश: 309, 188 और 47 विकेट समेत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 544 विकेट लिए हैं। उन्होंने अपना अंतिम टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अप्रैल 2018 में खेला था। वहीं अगर एंडिले फेहलुकवायो की बात करें तो वह दक्षिण अफ्रीका टीम के अहम सदस्य हैं। वह तेज गेंदबाजी हरफनमौला हैं और अपने खेल से सबको काफी प्रभावित किया है।

Home / Sports / Cricket News / Andile Phehlukwayo की ट्वीट से मची सनसनी, Morne Morkel की मौत की उड़ी अफवाह

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो