
Younis khan
पूर्व कप्तान यूनिस खान ने मंगलवार को पाकिस्तान के बल्लेबाजी कोच के पद से इस्तीफा दे दिया जिसके बाद बोर्ड ने कहा कि उसने इस फैसले को ‘अनिच्छा लेकिन सौहार्दपूर्ण ढंग से’ स्वीकार कर लिया। बोर्ड ने हालांकि इसका कोई कारण नहीं बताया है। पाकिस्तान की टीम 25 जून से 20 जुलाई तक तीन एकदिवसीय और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए ब्रिटेन का दौरा करेगी। टीम इसके बाद 21 जुलाई से 24 अगस्त तक वेस्टइंडीज जाएगी जहां उसे पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मैच खेलने है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जारी किया बयान
टीम की रवानगी से दो दिन पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से जारी बयान में कहा गया,‘पाकिस्तान पुरुषों की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बल्लेबाजी कोच के बिना ब्रिटेन की यात्रा करेगी, जबकि वेस्टइंडीज दौरे के लिए यूनिस खान की जगह किसी और को नियुक्त करने पर फैसला बाद में किया जाएगा।’ घोषणा के बाद अटकलें लगाई जाने लगीं कि यूनिस ने खुद पद छोड़ने का फैसला किया था क्योंकि वह टीम के साथ अपनी भूमिका से खुश नहीं थे और चयन मामलों में अधिक दखल चाहते थे।
लगाई जा रही अटकलें
एक सूत्र के मुताबिक, युनिस जिस तरह से राष्ट्रीय टीम को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है, उससे संतुष्ट नहीं थे। यूनिस को पिछले साल नवंबर में दो साल के लिए 2022 आईसीसी टी20 विश्व कप के लिए बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया था। पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान ने कहा कि यूनिस के समान अनुभव वाले विशेषज्ञ का साथ छूटना दुखद है। उन्होंने कहा,‘कई बार बातचीत के बाद दोनों हम दोनों आपसी सहमति से अलग-अलग दिशा में आगे बढ़ने पर सहमत हुए। यह हमारी इच्छा के खिलाफ था लेकिन हमने सौहार्दपूर्ण तरीके से यह फैसला किया।’’
टेस्ट में पाकिस्तान के सर्वोच्च स्कोरर
उन्होंने कहा,‘उम्मीद है कि वह उभरते हुए क्रिकेटरों के साथ अपने खेल के ज्ञान को साझा करके पीसीबी की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।’ बोर्ड के बयान में कहा गया है कि पीसीबी और यूनिस दोनों इस फैसले पर आगे कोई टिप्पणी नहीं करने पर सहमत हैं। यूनिस टेस्ट में पाकिस्तान के सर्वोच्च स्कोरर है। उन्होंने इस प्रारूप में 10,000 से अधिक रन बनाये है।
Published on:
22 Jun 2021, 7:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.