
ये है राजधानी की सड़क : 7 महीने पहले बनी थी, उसी जगह दूसरी बार 2 फीट जमीन में धंस गई
भोपाल. राजधानी के कोलार क्षेत्र स्थित वार्ड 82 के दानिशकुंज इलाके में सिद्धांता अस्पताल के सामने रविवार सुबह करीब 7 बजे अचानक एक डंपर के निकलने से सड़क दो फीट तक धंस गई। यह सड़क 7 महीने पहले लगभग 12 लाख की लागत से बनाई गई थी। रहवासियों का आरोप है कि ठेकेदार ने बहुत घटिया निर्माण किया है। जिस जगह सड़क बनी उसके नीचे करीब दो फीट तक बेस गायब है। हालात यह है कि सात महीने में लगातार दूसरी बार यह सड़क एक ही स्थान पर दोबारा धंस गई। इस मामले में नगर निगम प्रशासन सहित जनप्रतिनिधि रसूखदार ठेकेदार को बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
ठेकेदार एक बड़े अफसर का रिश्तेदार
बताया जा रहा है कि जिस जगह सड़क धंसी है, वहां सड़क के नीचे कोई बेस या मलबा नहीं है। ऐसे में अब पूरी सड़क को लेकर सवाल खड़े हो रहे है। सूत्रों की मानें तो ठेकेदार किसी बड़े अफसर का रिश्तेदार है। इस कारण नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधि कुछ भी साफ-साफ जानकारी नहीं दे रहे हैं।
वार्ड 82 में जमकर हुआ भ्रष्टाचार
घटिया सड़क निर्माण को लेकर कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष एवं कोलार निवासी राजकुमार सिंह ने आरोप लगाए हैं कि उनके वार्ड-82 में बहुत घटिया निर्माण हुआ है। यह जनता के साथ धोखा है। लाखों रुपए की सड़क कुछ महीने भी नहीं चल पा रही है। इन घटिया सड़कों के खिलाफ वे लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराएंगे, ताकि घटिया सड़कों की जांच पूरी तरह से स्पष्ट हो सके।
सूचना मिली है, इसे दिखवाते हैं
वार्ड 82 में सड़क के डैमेज होने के संबंध में सूचना मिली है। वह शायद सीवेज का काम करते समय काटी गई है। इसे दिखवाते हैं।
- प्रणय राठौर, एई सिविल, जोन 18 नगर निगम भोपाल
Published on:
19 Jul 2021, 1:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.