scriptसलमान खान से मिले सीएम एकनाथ शिंदे, कहा- पूरे बिश्नोई गैंग को मिट्टी में मिला देंगे | Maharashtra CM Eknath Shinde meet Salman Khan says will eliminate Bishnoi gang | Patrika News
क्राइम

सलमान खान से मिले सीएम एकनाथ शिंदे, कहा- पूरे बिश्नोई गैंग को मिट्टी में मिला देंगे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज नागपुर रवाना होने से पहले अभिनेता सलमान खान से मिलने उनके आवास पर गए।

मुंबईApr 16, 2024 / 07:15 pm

Dinesh Dubey

Eknath Shinde meet Salman Khan
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर रविवार तड़के गोलीबारी करने वाले दो आरोपियों को मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। विक्की गुप्ता और सागर पाल नाम के आरोपियों को गुजरात के भुज से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी अभी मुंबई पुलिस की कस्टडी में है। इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज सलमान खान के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की।
अभिनेता सलमान खान से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “मैंने सलमान खान से मुलाकात की है और मैंने उनसे कहा है कि पूरी सरकार उनके साथ है… कल दोनों आरोपियों को गुजरात के भुज से गिरफ्तार किया गया है… दोनों चंपारण बिहार के है… उनसे पूछताछ जारी रही है। मामले की तह तक जांच की जाएगी और जो भी इसमें शामिल है, उसपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा… ऐसी हिम्मत फिर कोई न करे ऐसी कार्रवाई होगी. यहां गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी… अपने लोगों का ख्याल रखना हमारा कर्तव्य है।”
सीएम ने कहा, “मुंबई और महाराष्ट्र में कोई गैंग नहीं है, पूरा अंडरवर्ल्ड खत्म हो चुका है। बिश्नोई को भी खत्म कर देंगे, ये मुंबई पुलिस है, यहां किसी की दादागिरी चलने नहीं दी जाएगी… सलमान को और उनके पूरे परिवार को सुरक्षा देने का निर्देश मैंने पुलिस कमिश्नर को दिया है… जो भी गैंग इसमें शामिल है उसे पूरी तरह से जड़ से उखाड़ फेकेंगे। पूरी गैंग को मिट्टी में मिला देंगे.. किसी ने भी मुंबई महाराष्ट्र की जनता के खिलाफ आंख उठाकर देखा तो उसे उसकी जगह दिखा दी जाएगी।“
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) को सोमवार देर रात गुजरात के कच्छ जिले के माता नो माध गांव से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पाल और गुप्ता दोनों को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने सलमान के घर पर गोलीबारी करने के लिए कहा था। दोनों आरोपियों को आज मुंबई स्थित कोर्ट में पेश किया गया। मुंबई क्राइम ब्रांच ने 14 दिन की हिरासत की मांग की थी, जिस पर कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 25 अप्रैल तक क्राइम ब्रांच की हिरासत में भेज दिया। इस गोलीबारी की जिम्मेदारी खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली, इसलिए मुंबई पुलिस ने अनमोल के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, रविवार सुबह पांच बजे के करीब सलमान खान के बांद्रा स्थित घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने पांच राउंड फायरिंग की। बदमाशों द्वारा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक इसी महीने 2 अप्रैल को खरीदी गई थी। सलमान खान के घर पर फायरिंग सागर पाल ने की थी। पुलिस को शक है कि वे ईद के दिन भी ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर भीड़ में खड़े थे। दोनों शूटरों के पास से दो मोबाइल फोन मिले हैं, उसी मोबाइल के जरिए वे लगातार किसी से संपर्क में थे। दोनों शूटरों को हथियार मुंबई में ही पहुंचाए गए थे। दोनों शूटरों ने पनवेल का फ्लैट 11 महीने के लिए किराए पर लिया था, बाकायदा मकान मलिक के साथ एग्रीमेंट हुआ था।

Home / Crime / सलमान खान से मिले सीएम एकनाथ शिंदे, कहा- पूरे बिश्नोई गैंग को मिट्टी में मिला देंगे

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो