जानकारी के अनुसार ग्राम कुरथरा निवासी शत्रुघन सिंह (40) पुत्र जगदीश कमरिया शुक्रवार को सुबह अपने खेत पर पानी देने गया था। खेत पर पानी के लिए उसने जैसे ही मोटर चलाई तो करंट लग गया। करंट लगने की जानकारी जब परिजनों को मिली तो उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों ने शत्रुघन को मृत घोषित कर दिया। शत्रुघन को करंट लगने की घटना सुबह 6.30 बजे की है। बताया जाता है कि जिला चिकित्सालय में जैसे ही शत्रुघन की मौत हो जाने की जानकारी पिता जगदीश (65) को लगी तो वह नौ बजे सोनागिर-गोविंदपुर मौजा के बीच ट्रेन की पटरी पर जाकर लेट गया। इस दौरान रेलवे ट्रैक से गुजरी ट्रेन से जगदीश की कट जाने के कारण मौत हो गई। ट्रेन से अज्ञात व्यक्ति के कट जाने की जानकारी ट्रैकमैन धर्मेन्द्र यादव ने पुलिस को दी। पुलिस ने जब शव बरामद कर शिनाख्ती का प्रयास किया तो मृतक की पहचान जगदीश कमरिया निवासी कुरथरा के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों मामलों को जांच में लिया है।