scriptसोनकच्छ के सैनिक की गलत फायरिंग में मौत | a soldier from dewas died at border | Patrika News
देवास

सोनकच्छ के सैनिक की गलत फायरिंग में मौत

जम्मू-कश्मीर में पदस्थ था ग्राम घिचलाय का जवान

देवासDec 06, 2017 / 02:57 pm

अर्जुन रिछारिया

soldier dewas
देवास. देश की सेवा करने के लिए इंडियन आर्मी में करीब चार साल पहले सोनकच्छ तहसील के ग्राम घिचलाय का जवान नीलेश (२४) पिता सुखराम धाकड़ भर्ती हुआ था। चार साल तक देश सेवा करते हुए नीलेश ने दुश्मनों से लोहा लिया था। नीलेश की मंगलवार सुबह-सुबह गलत फायरिंग के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। नीलेश का शव बुधवार सुबह देवास से होकर उसके पैतृक गांव घिचलाय लाया जाएगा। खास बात यह है कि अभी तक उसके परिजनों को नीलेश की मौत की सूचना नहीं दी है।
परिजन को बताया है कि नीलेश ड्यूटी के दौरान घायल हो गया है। वह आराम करने के लिए बुधवार तक गांव आ जाएगा। सूत्रों के अनुसार नीलेश पर युद्ध अभ्यास के दौरान गोली लगी है, किंतु इसकी पुष्टि कोई भी अधिकारी नहीं कर रहे हैं। इधर, नीलेश से मोबाइल पर परिजनों की बात नहीं होने से परिजनों को शक हो गया है। नीलेश तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता सुखराम बड़े बेटे के साथ खेती-किसानी का कार्य करते हैं। छोटे बेटे के आर्मी में जाने के बाद घर की आर्थिक हालत में कुछ सुधार आया था और वह समय से पहले ही चल बसा। पीपलरावां के इंदू स्कूल के संचालक भूपेंद्र नागर के अनुसार, नीलेश को मैंने एलकेजी से अपने स्कूल में पढ़ाया है। वह अन्य बच्चों से काफी होनहार था, जिसने बड़ी कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आर्मी में ही जाने का मन बनाया था। उसकी मेहनत व लगन के चलते वह आर्मी में चला गया, उसके दुखत निधन की खबर सुनकर मन दुखी हो गया। मंगलवार को मैं उसके परिजनों से मिलने के लिए भी पहुंचा था, जिन्हें यही पता है,कि वह किसी वजह से घायल हो गया है।
अप्रैल में होना थी शादी
नीलेश की अप्रैल २०१८ में शादी होने वाली थी। उसकी सगाई बरखेड़ासोमा गांव में हुई थी। भाई के साथ ही छोटी बहन के भी हाथ पीले करना थे, जिसकी तैयारी चार माह पहले से चल रही थी। नीलेश उसकी शादी के लिए छुट्टी लेकर आने वाला था।
“महू आर्मी के कमांडेंट से चर्चा हुई है, जिसमें बताया है कि नीलेश का गलत फायरिंग होने से निधन हो गया। हादसे की जांच की जा रही है, बुधवार को शव आ जाएगा।”
-अशीषसिंह, कलेक्टर देवास

Home / Dewas / सोनकच्छ के सैनिक की गलत फायरिंग में मौत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो