scriptचुनाव प्रचार थमा, अंतिम दिन भागते-दौड़ते दिखे नेताजी | Election campaign ended, Netaji was seen running on the last day | Patrika News
धौलपुर

चुनाव प्रचार थमा, अंतिम दिन भागते-दौड़ते दिखे नेताजी

प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के प्रचार का दौर गुरुवार शाम छह बजे थम गया। सुबह से शाम तक विभिन्न पार्टियों के नेता और प्रत्याशी चुनाव प्रचार के दौरान भागते-दौड़ते नजर आए। सभी की नजर घड़ी की सुई पर बनी हुई थी और शाम 6 बजते ही कई दिनों से हो रहा शोरगुल थम गया।

धौलपुरNov 24, 2023 / 12:10 pm

rohit sharma

चुनाव प्रचार थमा, अंतिम दिन भागते-दौड़ते दिखे नेताजी

चुनाव प्रचार थमा, अंतिम दिन भागते-दौड़ते दिखे नेताजी

धौलपुर. प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के प्रचार का दौर गुरुवार शाम छह बजे थम गया। सुबह से शाम तक विभिन्न पार्टियों के नेता और प्रत्याशी चुनाव प्रचार के दौरान भागते-दौड़ते नजर आए। सभी की नजर घड़ी की सुई पर बनी हुई थी और शाम 6 बजते ही कई दिनों से हो रहा शोरगुल थम गया। हालांकि, प्रत्याशी अब शहर और कस्बों में घर-घर जाकर एक अंतिम दफा मतदाताओं को अपने पक्ष में रिझाने का प्रयास में जुट गए। कांग्रेस, भाजपा और बसपा समेत अन्य प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। शाम छह बजे बाद प्रत्याशी पहले कार्यालय पहुंचे और फिर टोलियों में शहरी मतदाताओं से जनसंपर्क में जुट गए। उधर, निर्वाचन विभाग ने भी मोर्चा संभाल दिया। प्रचार समाप्त होते ही चारों विधानसभाओं में जिला निर्वाचन विभाग के दस्ते सतर्क हो गए और इलाके में भ्रमण कर आदर्श आचार संहिता की पालना कराते दिखे। बताते दें कि जिले में चार विधानसभा सीट धौलपुर, बाड़ी, राजाखेड़ा और बसेड़ी (सुरक्षित) पर मतदान 25 दिसम्बर को होना है।

मेला मैदान में वाहनों का लगा मेला

उधर, मतदान कराने वाली पार्टियों के लिए वाहन इंतजाम का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। गुरुवार को जिला परिवहन विभाग ने कई वाहनों को अधिग्रहण किया। डीटीओ विजय मीणा ने बताया कि पोलिंग पार्टियों के लिए 210 मिनी बस, एक बस और 163 ईको वाहन अधिग्रहण किया है। जबकि कुल 1400 वाहन हैं। 869 बोलेरो व कार इत्यादि शामिल हैं। ये वाहन पहले ही अधिग्रहण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि वाहन देर रात तक पहुंचने का सिलसिला रहेगा। साथ ही कहा कि जो वाहन नहीं पहुंचेंगे, उनके वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वाहनों से यहां मेला मैदान भरा हुआ दिखा। बता दें कि शुक्रवार को मचकुण्ड रोड स्थित आईटीआई कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को ईवीएम मशीनें आवंटित की जाएगी। जिसके यहां पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर रहेंगे विशेष सुरक्षा इंतजाम

जिले में चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। इस दौरान संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अद्र्ध सैनिक बल और हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिले को करीब 25 अद्र्ध सैनिक बलों की कंपनियां मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ से मिली हैं। इसके अलावा पड़ोसी प्रदेश मध्यप्रदेश से करीब 350 होमगार्ड बुलाएं हैं जिन्हें पोलिंग बूथों पर लगाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिले में कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। अद्र्ध सैनिक और बाहर से बुलाया बल को तैनात किया गया है। कई क्यूआरटी टीम गठित की हैं जो सूचना पर तुरंत कार्रवाई करेंगी। इसके अलावा सीओ, एएसपी को विधानसभा वार लगाया गया है।

409 संवेदनशील मतदान केन्द्र पर विशेष इंतजाम

उधर, जिले में कुल 409 मतदान केन्द्र संवेदनशील हैं। यहां पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। धौलपुर में संवेदनशील मतदान केन्द्रों की संख्या 90, बसेड़ी में 73, बाड़ी में 163 और राजाखेड़ा में 83 है। वहीं, सामान्य मतदान केन्द्रों को मिलाकर जिले में कुल 928 मतदान केन्द्र हैं। वहीं, संवेदनशील मतदान केन्द्र समेत अन्य पर माइक्रो ऑब्जर्वर, वेबा कास्टिंग और वीडियोग्राफी के जरिए नजर रखी जाएगी।

Hindi News/ Dholpur / चुनाव प्रचार थमा, अंतिम दिन भागते-दौड़ते दिखे नेताजी

ट्रेंडिंग वीडियो