100 साल पूरानी है लखनऊ की टुण्डे कबाब की दुकान वाहिद की बिरयानी खाने दूर-दूर से आतें हैं लोग शर्मा जी की चाय है काफी फेमस
नई दिल्ली। तहजीब, नजाकत और नफासत के लिए लखनऊ ( Lucknow food ) को यूं तो सभी जानते हैं। ऐतिहासिक धरोहरों और खूबसूरती के लिए जाना जाने वाला यह शहर खान-पान के लिए भी अपनी अलग पहचान रखता है। ऐसा कहा जाता है लखनऊ ( Lucknow ) आने के बाद अगर आपने यहां की मशहूर टुंडे कबाब और इदरीस की बिरयानी नहीं खाई तो आपका यहां आना बेकार है।
बता दें कि लखनऊ जितना मशहूर नॉनवेज के लिए है, उतना ही शाकाहारी खाने के लिए भी है। तो आइए आपको बताते हैं लखनऊ में ऐसी 10 मशहूर जगहें ( Food Points of Lucknow ) , जहां खाना खाकर आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे-
1. टुण्डे कबाब ( tunday kababi )
लखनऊ में खाने की मशहूर जगहों में से एक टुंडे कबाब की दुकान है। शहर के चौक बाजार स्थित लगभग 112 साल पुरानी इस दुकान में जो भी खाने आता है, उसका दीवाना हो जाता है। लगभग 100 तरह के मसालों का उपयोग करके बनाया जाने वाला यहां का कबाब लोगों को खूब पसंद आता है। रूमाली रोटी के साथ तुरंत मुंह में घुलने वाले कबाब को खाना लोग बेहद पसंद करते हैं। अगर आप कभी लखनऊ आएं तो यहां के टुंडे कबाब में खाना मत भूलिएगा।
2.इदरीस की बिरयानी
अगर आप लखनऊ आएं हैं और मटन-बिरयानी के शौकीन हैं, तो यहां की इदरीस की बिरयानी खाना ना भूलें। ऐसा कहा जाता है- इदरीस जैसी बिरयानी आपको पूरे शहर में कहीं नहीं मिलेगी। एक प्लेट में लंबे दानेदार चावलों के बीच घिरा लजीज चिकन का टुकड़ा यहां आने वाले लोगों को खूब भाता है। अपने स्वाद और सुगंध के लिए जाना जाने वाला यह रेस्टोरेंट लगभग आधी सदी पुराना है। यहां की बिरयानी की सबसे खास बात यह है कि इसे कोयले की आंच पर बनाया जाता है। अगर आप नवाबों के शहर आएं तो लखनऊ के कोतवाली चौक बाजार स्थित इस रेस्टोरेंट में जरूर जाएं।
3. बास्केट चाट
लखनऊ चाट के लिए भी काफी मशहूर है। यहां के हजरतगंज रायल कैफे की बास्केट चाट चटपटा और स्पाइसी खाने वालों को खूब पसंद आती है। आलू की टिक्की, मटर, मीठा दही, खट्टी-मीठी इमली की चटनी और उसके ऊपर अनार के दाने से सजी ये चाट एक खास तरीके के मसालों का उपयोग करके बनाई जाती है। इसे जो भी खाता है, उंगलियां चाटता रह जाता है।
4. प्रकाश की कुल्फी
कुछ लजीज और स्वादिष्ठ खाने के बाद अक्सर लोगों का मन कुछ मीठा खाने को होता है। अपनी इस इच्छा को आप यहां के अमीनाबाद की 'प्रकाश की कुल्फी' खाकर पूरा कर सकते हैं। एक खास तरह की फालूदा कुल्फी क्रीम और दूध, ड्राइ फूट्स, कॉर्न फ्लोर और केसर से बनाई गई यह कुल्फी लोगों को बहुत पसंद आती है। अगर आप कभी लखनऊ आएं तो अमीनाबाद और गोमती नगर ब्रान्च में जरूर जाएं और प्रकाश की कुल्फी का लुत्फ उठाएं।
5.शर्मा जी की चाय
चाय के शौकीनों के लिए लखनऊ के शर्मा जी की चाय काफी फेमस है। शहर में शायद ही ऐसा कोई व्यक्ति होगा जिसे शर्मा जी की चाय के बारे में पता ना हो। सुबह से ही यहां चाय के साथ समोसे और बन-मक्खन खाने वालों की लाइने लगी होती हैं। ऐसा कहा जाता है, यहां एक बार जो चाय पी लेता है, वो यहां का स्वाद कभी भूल नहीं सकता।
6. वाहिद की बिरयानी
लखनऊ के अमीनाबाद की वाहिद की बिरयानी काफी लोकप्रिय है। 55 मसालों से बनाई जाने वाली यह बिरयानी ही अपने आप में खास है। इस चिकन बिरयानी में तीन तरह के चावलों का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं काफी नम और मिल्की चिकन के टुकड़े हड्डियों तक पके होते हैं।
7. मक्खन मलाई
लखनऊ की मक्खन मलाई मिठाई के बारे में कहा जाता है कि इसके बिना सर्दियां अधूरी हैं। यह मक्खन मलाई आपको शहर में और कहीं नहीं मिलेगी। इसके सर्दियों से कनेशन के पीछे की वजह इसके मक्खन और दही को ओस में रखकर घंटों उसे फेटा होना है, ताकि नमी पाकर झाग फूलने लगे। केवड़ा चीनी और इलायची के मिश्रण से तैयरा इस मिठाई को खूब पसंद किया जाता है।
8. शीरमल
शीरमल लखनऊ में तैयार एक बहुत ही प्रसिद्ध व्यंजन है। यह केसरिया रंग का नान या सपाट होता है। पकवान हल्का-सा मीठा होता है और दूध, खमीर और मैदे से बनाया जाता है।
9.छोले भटूरे
वैसे छोले भटूरे पंजाब का पकवान माना जाता है। लेकिन यह लखनऊ में भी काफी पसंद किया जाता है। यहां परोसा जाने वाला भटूरा अंदर से गर्म और बाहर से खस्ता होता है। लखनऊ के चौक पर परोसा जाने वाला ये पकवान लोगों को काफी पसंद आता है।
10. राजा ठंडाई
लखनऊ की राजा ठंडाई भी यहां के लोंगो को खूब भाती है। पेय प्रदार्थ के रूप में लोग इसे पीना काफी पसंद करते हैं। हर्बल और खाने को पचाने में मददगार यहां की ठंडाई बहुत की टेस्टी होती है। राजा ठंडाई लगभग 100 साल पुरानी है।