script6.4 करोड़ अतिरिक्त रोजगार दे सकती हैं भारतीय महिलाएं: फेसबुक | Govt to roll out programme for promoting women entrepreneurs | Patrika News
Uncategorized

6.4 करोड़ अतिरिक्त रोजगार दे सकती हैं भारतीय महिलाएं: फेसबुक

देश की पांच में से हर चार महिलाएं उद्यमी बनने का माददा रखती हैं, बशर्ते उनके सशक्तीकरण के बेहतर प्रयास किए जाएं।

Mar 02, 2017 / 08:57 am

santosh

देश की पांच में से हर चार महिलाएं उद्यमी बनने का माददा रखती हैं, बशर्ते उनके सशक्तीकरण के बेहतर प्रयास किए जाएं। इतना ही नहीं यदि यह महिलाएं सशक्त होती हैं तो देश में 1.55 लाख व्यवसाय और 6.4 करोड़ अतिरिक्त रोजगार पैदा हो सकते हैं। फेसबुक की ओर से किए गए एक शोध में यह बात सामने आई है। 
शोध के मुताबिक, यदि अभी से शुरुआत की जाए तो इतने व्यवसाय और रोजगार के लक्ष्य को सिर्फ 52 फीसदी महिलाओं के दम पर 2021 के अंत तक पूरा किया जा सकता है। इससे न सिर्फ आर्थिक रूप से देश मजबूत होगा बल्कि रोजगार से जुड़ी बड़ी समस्या से भी काफी हद तक राहत मिल सकेगी। 
फेसबुक इंडिया की सार्वजनिक नीतियों की निदेशक अनकही दास ने कहा कि यदि हम महिलाओं के भीतर छिपी उद्यमिता की क्षमता का प्रयोग करें और उन्हें अधिक से अधिक सहायता प्रदान करें, तो इससे अधिक रोजगार का सृजन होगा। साथ ही आर्थिक विकास को गति मिलेगी और छोटे व्यापार समुदायों को प्रबलता भी मिलेगा। 
कई परेशानियां

शोध में पाया गया है कि 38 फीसदी महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के चलते व्यवसाय शुरू करने के विषय में सोच भी नहीं पातीं। 29 फीसदी महिलाओं के समक्ष आर्थिक समस्या, 30 फीसदी निजी वित्तीय सुरक्षा के चलते और 30 फीसदी जानते हुए भी शुरुआत नहीं कर पातीं।
20 लाख पेज बने

फेसबुक पर सक्रिय छोटे व्यवसायों से जुड़े करीब 20 लाख पेज हैं। पिछले पांच सालों (2012-2016) में इन पेजों को संचालित करने वाली महिलाओं की संख्या सात गुना बढ़ी है। इसमें करीब 85 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। 2021 तक इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना है। 
‘शीलीड्सटेक’ होगा शुरू

8 मार्च महिला दिवस पर फेसबुक ‘शीलीड्सटेक’ नामक कार्यक्रम लॉन्च करेगा। इससे फेसबुक महिलाओं की ओर से शुरू किए गए स्टार्टअप को सफल बनाने के लिए उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराएगा। एक साल तक चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत स्टार्टअप में आने वाली विभिन्न बाधाओं से पार पाने के लिए महिलाओं को ट्रेंड किया जाएगा। 
महिलाओं के लिए कार्यक्रम

फेसबुक ‘शीमीन्सबिजनेसिस’ नामक कार्यक्रम भी चला रहा है। इसके तहत फेसबुक 6 राज्यों के 18 शहरों में 4500 महिलाओं को ट्रेनिंग दे चुका है। इसमें महिलाओं को छोटे व्यवसाय से जुड़े 1400 आइडिया दिए गए। 

Home / Uncategorized / 6.4 करोड़ अतिरिक्त रोजगार दे सकती हैं भारतीय महिलाएं: फेसबुक

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो