scriptशिक्षा में भारत को फिर विश्व गुरू बनाने में निजी क्षेत्र की भूमिका होगी अहम : वेंकैया | 'Pvt sector to play imp role in making India world guru in education' | Patrika News
शिक्षा

शिक्षा में भारत को फिर विश्व गुरू बनाने में निजी क्षेत्र की भूमिका होगी अहम : वेंकैया

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने सोमवार को कहा कि भारत को विश्व गुरू की भूमिका फिर दिलाने में निजी क्षेत्र की भूमिका अहम रहेगी।

Oct 22, 2018 / 06:28 pm

जमील खान

Venkaiah Naidu

Venkaiah Naidu

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने सोमवार को कहा कि भारत को विश्व गुरू की भूमिका फिर दिलाने में निजी क्षेत्र की भूमिका अहम रहेगी। नायडू ने एक निजी यूनिवर्सिटी के आठवें वार्षिक दीक्षांत समारोह में कहा, किसी भी राष्ट्र के सामाजिक और आर्थिक बदलाव के लिए शिक्षा मुख्य स्रोत होती है और यह समाज में ज्ञान बढ़ाने के लिए नींव का काम करती है। संस्थानों को विद्यार्थियों को विश्लेषणकर्ता तथा कौशल और नवीनता भरी सोच वाला नागरिक बनाना चाहिए।

नायडू ने कहा कि उच्च शिक्षा का मुख्य उद्देश्य भारत के प्राचीन गौरव को पुन: स्थापित करना है। भारत को कभी विश्व गुरू के रूप में जाना जाता था और यहां की यूनिवर्सिटी श्रेष्ठता का केंद्र होती थीं। भारत के विश्व गुरू के गौरव को पुन: प्राप्त करने के लिए निजी क्षेत्र को अहम भूमिका निभानी होगी। नायडू ने दीक्षांत समारोह में 70 से अधिक देशों के विद्यार्थियों को डिग्रियां और प्रमाणपत्र प्रदान किए। इसके अतिरिक्त उन्होंने 54 विद्यार्थियों को पीएचडी की डिग्री तथा 98 मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल भी प्रदान किए।

पंजाबी भाषा में किया संबोधित
भारत के गोल्डन स्टेट पंजाब में पहुंचकर अत्यधिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपराष्ट्रपति ने सभी को पंजाबी भाषा में संबोधित किया और कहा, ‘सत श्री अकाल, अज्ज दियां मुबारकां, इत्थे आके मैं बड़ा खुश हां।’ ‘मैं एल पी यू को बधाई देना चाहूंगा कि यह उत्साह, उमंगों और नवीनताओं से भरी युवा यूनिवर्सिटी है। यह विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के प्रति वचनवद्ध है जिससे 21वीं सदी में वे वैश्विक समाज की चुनौतियों का सामना करने के काबिल हो जाएंगे।’

उन्होंने कहा कि सही शिक्षा युवाओं को देश की प्रगति की ओर बढ़ाती है और साथ-साथ देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी कायम रखती है। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के विशेषताओं का जिक्र करते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा, मैं यह जानकर खुश हूं कि यूनिवर्सिटी अपने विद्यार्थियों का पूर्ण विकास करती है और इसके लिए खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां, मूल्य, अनुशासन, टीम वर्क, लीडरशिप आदि पर पूरा जोर देती है।

लड़कियों को पढ़ाने से सारा देश होगा शिक्षित
उन्होंने कहा, इन सबके लिए मैं यूनिवर्सिटी के चांसलर, अध्यापकों और कर्मचारियों को बधाई देता हूं। वह राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। महिलाओं के उत्थान पर जोर देते हुए नायडू ने कहा कि लड़कियों को पढ़ाओ और सारे देश को शिक्षित बना लो। महिलाओं को लगातार प्रेरित करने की आवश्यकता है। उन्होंने आगे कहा, हमें सदैव अपने माताश्री, मातृ भाषा, मातृ भूमि, जन्म स्थान तथा गुरुओं को सदैव याद रखना चाहिए।

Home / Education News / शिक्षा में भारत को फिर विश्व गुरू बनाने में निजी क्षेत्र की भूमिका होगी अहम : वेंकैया

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो