चुनाव

Assam Assembly Elections 2021: नतीजों से पहले कांग्रेस ने उठाया EVM का मुद्दा, चुनाव आयोग से की ये शिकायत

Assam Assembly Elections 2021 असम कांग्रेस का आरोप, स्ट्रांग रूम और ईवीएम की सुरक्षा में बड़ी चूक

Apr 30, 2021 / 01:06 pm

धीरज शर्मा

Assam Assembly Elections 2021

नई दिल्ली। असम विधानसभा चुनाव ( Assam Assembly Elections 2021 ) के परिणाम आने अब महज कुछ घंटों का वक्त बचा है। लेकिन नतीजों से पहले ही एक बार फिर सियासत गर्मा गई है। प्रदेश में विरोधी पार्टी कांग्रेस ने चुनाव परिणाम से पहले बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस ने ईवीएम और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में चूक का आरोप लगाया है।
खास बात यह है कि इस आरोप को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग को एक पत्र भी लिखा है। पत्र में शिकायत करते हुए कांग्रेस ने कहा है कि, प्रदेश में ईवीएम की सुरक्षा और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है।
यह भी पढ़ेंः West Bengal Assembly Elections 2021: वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमन बोस का आरोप, TMC प्रत्याशी ने माकपा के तीन समर्थकों को कार से कुचला

जांच की मांग
असम प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव आयोग के पास दर्ज शिकायत में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में अनियमितता का आरोप लगाया है। यही नहीं कांग्रेस ने कहा कि इनकी सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है, जिसकी जांच की जानी चाहिए।
इन क्षेत्रों में चूक का आरोप
चुनाव आयोग को लिखे पत्र में असम कांग्रेस अध्यक्ष रिपुन बोरा ने दावा किया कि लखीमपुर, डिब्रूगढ और गोलपाड़ा जिलों में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्ट्रांग रूम और ईवीएम की सुरक्षा का अभाव देखा गया।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सील किए गए स्ट्रांग रूम के बाहर बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपीएटी के नंबर डले टैग, स्लिप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बरामद किए।

यह भी पढ़ेँः West Bengal Assembly Elections 2021 : कांग्रेस के गढ़ मुर्शिदाबाद में अधीर की साख दांव पर
आपको बता दें कि असम विधानसभा चुनाव के दौरान ही बीजेपी विधायक की कार में ईवीएम मिलने से बड़ा हड़कंप मचा था। इसको लेकर चुनाव आयोग ने चार अधिकारियों को सस्पेंड भी किया था।
असम में विधानसभा चुनाव तीन चरण में आयोजित किए गए थे। पहले चरण का मतदान 27 मार्च, जबकि दूसरे चरण का मतदान 1 अप्रैल और तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान 6 अप्रैल को हुआ था। 2 मई को सभी 126 सीटों के नतीजे आएंगे। असम में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 64 है।
यह भी पढ़ेँः Assam Assembly Elections 2021 Bhartiya Janta Party ( BJP ) Full Candidates List

Home / Elections / Assam Assembly Elections 2021: नतीजों से पहले कांग्रेस ने उठाया EVM का मुद्दा, चुनाव आयोग से की ये शिकायत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.