चिरमिरी पोंडी. कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की गुरुवार को चिरमिरी के डोमनहिल खेल मैदान में चुनावी सभा हुई। इसमें उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी सबसे बड़ी भ्रष्टाचार की स्कीम देश में लाए हैं। राजनीतिक दल को जो भी चंदा देगा, उसका नाम गुप्त रहेगा। जब सुप्रीम कोर्ट में केस लगा, फिर कोर्ट ने कहा कि पारदर्शी होनी चाहिए। तब पीएम मोदी व उनकी पार्टी के नेता इंटरव्यू देने लगे कि हमने पूरी पारदर्शिता रखी है। जबकि कोर्ट के आदेश के बाद चंदा देने वालों के नाम उजागर किए गए। चंदा भी ऐसी कंपनियों से लिए हैं, जिनके यहां पहले छापा मारा, फिर चंदा लिया और छापा बंद। केस डाले चंदा लिया और केस बंद या ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि कोविड के समय सभी को वैक्सीन लगी थी। टीके के सर्टिफिकेट में पीएम मोदी की फोटो छपती थी। लेकिन आज नहीं छपती है। क्योंकि टीका बनाने वाली कंपनी से चंदा लिया। आज वैक्सीन को लेकर बड़ी मेडिकल रिपोर्ट बाहर आई है। वैक्सीन लगवाने वाले 1-2 फीसदी लोग गिरकर मर गए।
कोई मंच पर खड़ा भाषण दे रहा है, कोई खेत में खेती कर रहा है, ऐसे लोग गिरकर मर गए। ऐसी वैक्सीन बनाने वाली कंपनी से चंदा लिया और बकायदा चंदा लेने गुप्त स्कीम बना दी। फिर अपने को ईमानदार कहते हैं।
वे भ्रष्ट नेताओं को अपनी पार्टी में लेते हैं और रिन साबुन से धोकर चमका देते हैं। फिर काले धंधे साफ और सफेद हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा गंगा मईया तो है नहीं कि उसमें डूबकी मारो और पाप धूल जाएंगे।
भाजपा में दो तरह के नेता
महासचिव प्रियंका ने कहा कि आज भाजपा में 2 तरह के नेता हैं। एक सबसे भ्रष्ट नेता हैं, जो सब भ्रष्ट नेताओं को जोड़ रखा है। जो दूसरी पार्टियों में भ्रष्ट थे, पहले उनके खिलाफ आरोप लगाए, छापे मारे, दबाव डाला और उनको अपनी पार्टी में ले लिया। वहीं भ्रष्ट नेता जब उनकी पार्टी में आ गए तो पाक हो गए।
उनके खिलाफ कोई आरोप नहीं, कोई केस नहीं, कोई कार्रवाई नहीं होती है। दूसरे तरह के नेता वे हैं जो सारी बातें हवा में करते हैं। पीएम मोदी से लेकर छोटा नेता भी मंच पर आएगा तो आपकी बात नहीं करते हैं, महंगाई की बात नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने घोषणा पत्र को न्याय पत्र का नाम दिया है।
क्योंकि पीएम मोदी के 10 साल के कार्यकाल में आम जनता के साथ अन्याय हुआ है। किसी बड़े अरबपति, खरबपति के साथ अन्याय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले नेताओं की जवाबदेही होती थी। पूर्व पीएम स्व. राजीव गांधी के साथ गांव जाती थी तो उनके संसदीय क्षेत्र अमेठी में जनता डांटती थी। उस समय मतदाता जागरूक थे। आज लोगों में जागरुकता की कमी है।
पांच किलो राशन और धर्म के नाम पर बार-बार मांगते हैं वोट
प्रियंका ने कहा कि भाजपा 5 किलो राशन और धर्म के नाम पर बार-बार वोट मांगती है। इस आप जागरूक बनो, जाग जाओ और रोजगार मांगो। क्योंकि राशन खत्म होने के बाद आपको दोबारा मांगना पड़ेगा। जबकि रोजगार मिलने पर आप आत्मनिर्भर बन जाएंगे। भाजपा नेता नहीं चाहते हैं कि आम जनता आत्मनिर्भर बने।
उन्होंने घोषण पत्र का जिक्र कर कहा कि महिलाओं को हम 8 हजार 500 रुपए हर महीने दिलवाएंगे और सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है, 35 सालों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। करीब 70 करोड़ लोग बेरोजगार है, जबकि 30 लाख पद खाली पड़े हैं। देश में महंगाई भी बढ़ती जा रही है।
पीएम मोदी मंच से तो बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। लेकिन कोयला खदानों और देश की संपत्तियों को अरबपतियों को दे दिया गया है। ये सारी संपत्ति देश की है, जब देश की संपत्ति थी तो लोगों को रोजगार मिलता था।
इस दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, विस नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रत्याशी ज्योत्सना महंत, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, अमरजीत भगत, पूर्व महापौर डमरू रेड्डी, विनय जायसवाल, नजीर अहमद, अन्नपूर्णा सिंह, योगेश शुक्ला, गायत्री बिरहा, सुभाष कश्यप, शहाबुद्दीन सहित अन्य मौजूद थे।
Hindi News/ Elections / प्रियंका वाड्रा बोलीं- भाजपा भ्रष्ट नेताओं को अपनी पार्टी में लेती है और रिन साबुन से धोकर चमका देती है