scriptशिवपाल का अखिलेश पर बड़ा निशाना -बजुर्गों का अपमान करने वालों का सर्वनाश रावण और कंस की तरह होगा | Destruction of those will happen, who disrespect oldage like Ravana | Patrika News
इटावा

शिवपाल का अखिलेश पर बड़ा निशाना -बजुर्गों का अपमान करने वालों का सर्वनाश रावण और कंस की तरह होगा

कहा- उन्हें पार्टी के किसी भी कार्यक्रम मे नही बुलाया जाता था फिर भी अपमान सहकर परिवार तथा पार्टी को एक रखने के लिये उन्होंने भरसक प्रयास किया।

इटावाSep 06, 2018 / 07:39 pm

Ashish Pandey

shivpal

शिवपाल का अखिलेश पर बड़ा निशाना -बजुर्गों का अपमान करने वालों का सर्वनाश रावण और कंस की तरह होगा

इटावा. समाजवादी सेकुलर मोर्चा के नेता एवं जसवंतनगर से विधायक शिवपाल सिंह यादव ने अपना दर्द पहली बार खुलकर बयान करते हुए अपने भतीजे अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा कि परिवार के विवाद के ही कारण महाभारत का युद्व हुआ था। पाडंवो ने कौरवों से सिर्फ पांच ही गांव मांगे थे, लेकिन अहंकारी कौरवों ने उन्हें नहीं दिये थे अंत में कौरवो को परास्त ही होना पड़ा था।
शिवपाल यादव यहां एक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि बुजुर्गों का सम्मान बहुत जरूरी है, इसलिये प्रत्येक कार्यकर्ता बुजुर्गों का संम्मान करें। कहा कि रावण बहुत ज्ञानी था, लेकिन उसका अहंकार ही पतन का कारण बना था। इसी तरह कंस ने भी अपने पिता, बहन, बहनोई आदि को जेल में डाल दिया था, जिसके कारण ही भगवान श्रीकृष्ण ने उसका पतन करके धर्म की स्थापना की थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि समाजवादी पार्टी में लगातार उनकी उपेक्षा की जा रही थी, यहां तक मैं किसी जिले का दौरा करने जाता था तो वहां के पार्टी पदाधिकारियों को मुझसे दूरी बनाने के लिए निर्देशित किया जाता था। उन्हें पार्टी के किसी भी कार्यक्रम मे नही बुलाया जाता था फिर भी अपमान सहकर परिवार तथा पार्टी को एक रखने के लिये उन्होंने भरसक प्रयास किया।
सबको एक साथ लाकर उनको संम्मान देंगे
उन्होंने कहा कि जनता का उत्पीडऩ बहुत हो चुका है, इसलिये अब जनता का उत्पीडन बंद करें। यदि जनता का अब उत्पीडऩ हुआ तो सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जेल भरो आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही समाजवादी सक्युलर मोर्चा की राष्ट्रीय तथा प्रादेशीय कार्यकारिणी का गठन करके जनता के बीच जाएंगे तथा प्रदेश के सभी जिलों में मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोनीत किए जाएंगे जो जनता की आवाज बनकर उनके हकों की लड़ाई लड़ेंगे। शिवपाल यादव ने सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता को मोर्चा का नगर अध्यक्ष बनाने की घोषणा करते हुये कहा कि सपा में जिन लोगों का अपमान हुआ है सबको एक साथ लाकर उनको संम्मान देंगे।
नेताजी से पूछ कर किया है
इससे पहले बुधवार को उन्होंने इटावा में समाजवादी पार्टी के असंतुष्ट लोगों के साथ सेक्युलर मोर्चा का गठन करने के बाद अब शिवपाल यादव ने नया बयान देकर सियासी हलके में हलचल मचा दी है। इटावा में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सेक्युलर मोर्चा का गठन मुलायम सिंह यादव से पूछ कर किया है। नेताजी ही उनके लिए सब कुछ हैं। उनके इस बयान के निहितार्थ निकाले जा रहे हैं।
मोर्चा के सहयोग के बिना कोई सरकार नहीं बनेगी

उन्होंने कहा कि 2019 में सेक्युलर मोर्चा के सहयोग के बिना कोई सरकार नहीं बनेगी जबकि 2022 में प्रदेश में सेक्युलर मोर्चा की सरकार ही बनेगी। बोले, काफी इंतजार के बाद सेक्युलर मोर्चा बनाया है, क्योंकि जितने भी उपेक्षित लोग हैं, उन्हें सम्मान दिया जा सके। यहां मौजूद लोगों से बातचीत के दौरान भी उन्होंने कहा कि रूठे हुए लोगों को सम्मान दिलाने के लिए ही सेक्युलर मोर्चा का गठन किया गया है। पार्टी को मजबूत कर जल्द ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी व प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। प्रदेश के सभी 75 जिलों में जल्द ही जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। हमारा लक्ष्य है 2019 में हमारे बगैर कोई सरकार न बने।

Home / Etawah / शिवपाल का अखिलेश पर बड़ा निशाना -बजुर्गों का अपमान करने वालों का सर्वनाश रावण और कंस की तरह होगा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो