scriptभाजपा में शामिल हुए ‘बम’, जीतू पटवारी फूटा गुस्सा- बोले- ‘मर्यादाएं तार-तार, भाजपा ने हमारे प्रत्याशी को लूट लिया’ | Lok Sabha Elections 2024 : State Congress President Jitu Patwari attacked BJP | Patrika News
इंदौर

भाजपा में शामिल हुए ‘बम’, जीतू पटवारी फूटा गुस्सा- बोले- ‘मर्यादाएं तार-तार, भाजपा ने हमारे प्रत्याशी को लूट लिया’

Lok Sabha Elections 2024 : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर बोला हमला

इंदौरApr 30, 2024 / 08:18 am

Ashtha Awasthi

Lok Sabha Elections 2024
Lok Sabha Elections 2024 : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार शाम कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पहुंचे। उन्होंने कहा कि ये राक्षसों वाला तांडव शुरू हो गया है। इस पर अंकुश लगाना होगा। मर्यादाएं तार-तार की गई हैं। इंदौर के लोकतंत्र का चीरहरण हुआ है। जैसे सीता का हरण हुआ था, वैसे ही लोकतंत्र का हरण किया गया है।
पटवारी ने कहा कि भाजपा को इंदौर ने अद्भुत समर्थन दिया, लेकिन अब शहर के लोग अपने मत का उपयोग नहीं कर सकते हैं। ये इंदौर के नागरिकों का अपमान है। पूरे घटनाक्रम से हम बहुत दुखी हैं पर ये चुनौती कांग्रेस से ज्यादा भाजपा ने शहर को दी है। जनता से अनुरोध है कि इस आतंक और अन्याय के खिलाफ उठ खड़े हों। एक प्रत्याशी का फॉर्म वापस नहीं हुआ, ये इंदौर का चीरहरण हुआ है। कांग्रेस गांधीवादी पार्टी है। हमारे पास लड़ने की इच्छाशक्ति है। मंगलवार तक हम हमारी रणनीति सार्वजनिक करेंगे। हमें कोई खौफ नहीं है। इंदौर की जनता को निर्णय लेना होगा।

भाजपा ने हमारे प्रत्याशी को लूट लिया

पटवारी ने कहा कि फिल्मों में देखते हैं कि बूथ कैप्चरिंग होती है। भाजपा ने तो प्रत्याशी को ही लूट लिया। इससे भाजपा ने मैसेज दिया है कि वे लोकतंत्र को नहीं मानते हैं। कैलाश विजयवर्गीय ने पूरे ऑपरेशन का श्रेय लेने की कोशिश है। ये शहर के वोटरों को अपशब्द कहने जैसा है। सभी को विचार करना होगा कि बिना वोट के जनप्रतिनिधि मिलेंगे तो इस शहर का क्या होगा। रोज घपले होंगे, गुंडे-बदमाश नेताओं के सरंक्षण में चंदा वसूली और कब्जे करेंगे।

कार्यकर्ता तो दूर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष तक को नहीं लगी भनक

अक्षय बम के नाम वापसी की रणनीति पहले से बन रही थी, लेकिन शहर कांग्रेस इससे अनभिज्ञ रही। कार्यकर्ता तो दूर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा तक को भनक नहीं लगी। जब बम के घर के बाहर पुलिस तैनात हो गई और वे नाम वापस लेने के लिए घर से कलेक्टोरेट निकल गए तब भी चड्ढा को जानकारी नहीं थी। मीडिया के माध्यम से चड्ढा को खबर हुई। अक्षय के नाम वापस लेते ही कांग्रेसियों के होश उड़ गए। नेता एक-दूसरे को फोन लगाते रहे। स्पष्ट है कि अपने प्रत्याशी को लेकर शहर कांग्रेस गंभीर नहीं थी।

विधानसभा चुनाव में ही प्रकट होते रहे बम

अक्षय बम प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रदेश महासचिव थे। उन्होंने विधानसभा और लोकसभा चुनाव के समय ही सक्रियता दिखाई। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बड़नगर तो 2023 में इंदौर-4 से टिकट मांगा। दोनों बार टिकट नहीं मिला। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पास उम्मीदवारों की कमी रही तो बम आगे आए और जीतू पटवारी के माध्यम से टिकट लाने में सफल हुए। इन तीन चुनाव के अलावा कांग्रेस में सक्रिय नहीं रहे।

कांग्रेस कार्यालय पर पसरा सन्नाटा

बम के नाम वापसी की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यालय में सन्नाटा पसर गया। एक एएसआइ समेत पांच पुलिसकर्मी शाम तक वहां तैनात रहे। पुलिसकर्मियों ने बताया कि एहतियातन उनकी तैनाती की गई है। मुख्य गेट से लेकर शहर-जिला अध्यक्षों के कार्यालय बंद थे। एक हॉल में कार्यालय के दो कर्मचारी बैठे थे। दोपहर में चड्ढा व कुछ कांग्रेसी कार्यालय पहुंचे और पत्रकारों से चर्चा की।

Hindi News/ Indore / भाजपा में शामिल हुए ‘बम’, जीतू पटवारी फूटा गुस्सा- बोले- ‘मर्यादाएं तार-तार, भाजपा ने हमारे प्रत्याशी को लूट लिया’

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो