मामला थाना जसराना क्षेत्र के गांव अतुर्रा का है। जहां कुछ दिन पूर्व 22 वर्षीय विवाहिता माधुरी गंभीर रूप से आग में झुलस गई थी। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा था। रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। ससुरालीजनों ने मायका पक्ष के लोगों को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इसकी जानकारी जब मायका पक्ष के लोगों को हुई तो उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मैनपुरी निवासी मृतिका माधुरी का विवाह थाना जसराना के अबू अतुर्रा गाँव में लगभग तीन वर्ष पूर्व हुआ था। मायका पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अधजली हालत में शव को निकाला है। वहीं घटना के बाद से ही ससुरालीजन फरार हो गए हैं। मायका पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ससुरालीजनों की तलाश कर रही है।