scriptभाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा के ये हैं स्टार प्रचारक, इनकी प्रतिष्ठा दांव पर | star convincer in name bjp samajwadi party bsp congress 2017 local | Patrika News
फिरोजाबाद

भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा के ये हैं स्टार प्रचारक, इनकी प्रतिष्ठा दांव पर

निकाय चुनाव में जीत की तैयारियों में जुटे पार्टी नेता, पढ़े पूरी खबर

फिरोजाबादNov 15, 2017 / 02:35 pm

Santosh Pandey

फिरोजाबाद। निकाय चुनाव में जीत के लिए हर पार्टी दम लगा रही है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव की भांति निकाय चुनाव में भी स्टार प्रचारक प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगेंगे। चुनाव में प्रत्याशियों की जीत के लिए पार्टी हाईकमान कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। फिरोजाबाद में सभी पार्टी की निगाह बनी हुई है। पहली बार हो रहे मेयर पद की सीट हथियाने के लिए सभी पार्टी दम लगा रही हैं। नगर निगम में किस पार्टी के मेयर का कब्जा होगा यह तो आने वाला समय ही बताएगा लेकिन स्टार प्रचारकों के कंधों पर प्रत्याशियों को जीत दिलाने की जिम्मेदारी होगी।
भाजपा के ये रहेंगे पार्टी के स्टार प्रचारक

भाजपा के केबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल टूंडला विधानसभा से विधायक भी हैं। विधानसभा चुनाव में उन्होंने भारी बहुमत से जीत दर्ज की थी। इस बार भाजपा की ओर से वही स्टार प्रचारक भी होंगे। विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक हेलीकाॅप्टर भी टूंडला विधानसभा में उतरे थे। अबकी बार केबिनेट मंत्री के कांधों पर निकाय प्रत्याशियों की जीत का भार होगा। हालांकि स्थानीय पार्टी नेता भी चुनाव में जीत के लिए दम दिखाएंगे।
सपा में ये रहेंगे प्रचारक

फिरोजाबाद को शुरू से ही सपा का गण माना जाने लगा है। चुनाव से पहले ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव फिरोजाबाद में निकाय प्रत्याशियों के साथ बैठक कर जीत का मंत्र फूंक गए। उन्होंने पार्टी नेताओं को भी प्रत्याशियों की जीत के लिए लगने के निर्देश दिए थे। अखिलेश यादव के कार्यक्रम के बाद सपा भी अब निकाय चुनाव को जीतने की तैयारी में जुट गई है। सभी पार्टी की निगाह मेयर की सीट कब्जाने पर है। सपा की ओर से सांसद अक्षय यादव और प्रो. रामगोपाल यादव भी प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी दम लगाएंगे। इनके अलावा सपा के एमएलसी और अन्य पार्टी पदाधिकारी भी एकजुट होंगे।
कांग्रेस और बसपा भी नहीं पीछे

निकाय चुनाव में कांग्रेस और बसपा भी पीछे रहने वाली नहीं है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर टूंडला के निवासी हैं। इसलिए इस बार निकाय चुनाव में स्टार प्रचारकों में कांग्रेस की ओर से राजबब्बर का नाम सामने आ रहा है। हाल ही में राजबब्बर ने जिलाध्यक्ष के पद पर प्रकाश निधि गर्ग को जिलाध्यक्ष नियुक्त कर निकाय चुनाव में जीत के लिए प्रयास किया है। प्रकाश निधि गर्ग लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। बसपा की ओर से कोई भी स्टार प्रचारक प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने नहीं आएगा लेकिन आगरा-अलीगढ़ प्रभारी हेमंत प्रताप सिंह और कोर्डिनेटर ज्ञान सिंह द्वारा ही अपने स्तर से प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे जाएंगे।

Home / Firozabad / भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा के ये हैं स्टार प्रचारक, इनकी प्रतिष्ठा दांव पर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो