
Lionel Messi
लंदन : मौजूदा दौर में दो फुटबॉलर ऐसे हैं, जिनके बीच श्रेष्ठता की जंग छिड़ी हुई है। इनमें से एक हैं अर्जेंटीना के लियोनल मेसी (Lionel Messi) और दूसरा पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo)। इन दोनों दिग्गजों में से कौन ज्यादा श्रेष्ठ है, इसे लेकर दिग्गजों की राय भी बंटी हुई है। अब इस तुलना में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और महान फुटबॉलर डेविड बेकहम (David Beckham) का नाम भी जुड़ गया है। शानदार फ्री किक लेने के लिए मशहूर इस पूर्व फुटबॉलर ने कहा कि पुर्तगाल और युवेंटस के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो से बेहतर अर्जेंटीना और बार्सिलोना के कप्तान लियोनल मेसी हैं।
रोनाल्डो के साथ खेल चुके हैं बेकहम
बता दें कि जब क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने मैनचेस्टर यूनाईटेड के लिए खेल रहे थे, तब बेकहम ने ही उन्हें अपनी सात नंबर की जर्सी सौंपी थी। इसके बाद ये दोनों दिग्गज रियाल मैड्रिड के लिए भी साथ खेल चुके हैं। इसके बावजूद उन्होंने मेसी को रोनाल्डो से ऊपर रखा है। बेकहम ने कहा कि मेसी की अपनी अलग क्लास है। वह इस क्लास में अकेले हैं। उनकी तरह कोई दूसरा हो, यह संभव नहीं लगता। बेकहम ने कहा कि यहां तक कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसा शानदार खिलाड़ी भी मेसी से एक पायदान नीचे हैं। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि बाकी खिलाड़ियों के मुकाबले ये दोनों बहुत ऊपर हैं।
याद किया 2013 का मेसी से मुकाबला
बेकहम ने कहा कि उन्हें याद है 2013 के एक मैच में वह और मेसी आमने-सामने हुए थे। तब बेकहम फ्रांस के फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट जर्मेन से खेल रहे थे और तब भी मेसी वार्सिलोना क्लब से खेल रहे थे। बेकहम ने कहा कि इस मैच की शुरुआत में मेसी नहीं उतरे थे। स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उनके मैदान में आने से पहले हम आगे थे। मेसी जैसे ही मैदान पर आए, बार्सिलोना ने गोल कर दिया। उम्र के उस पड़ाव में उनके साथ खेलने में मुझे बहुत मजा आया था। उन्होंने कहा कि हालांकि हारना उन्हें कभी पसंद नहीं। बता दें कि 44 साल के बेकहम चैंपियंस लीग के उस मुकाबले के दौरान बेकहम 37 साल के थे।
बोले, हमने किया था बेहतर प्रदर्शन
बेकहम ने कहा कि उनकी टीम वार्सिलोना के खिलाफ दोनों मैच में बेहतर खेली थी। हमें अपने प्रदर्शन पर गर्व है। बार्सिलोना के खिलाफ एक मैच भी हारे नहीं थे। पहले लेग का मैच 2-2 और दूसरे का मैच 1-1 से बराबर रहा था। बार्सिलोना अवे गोल के कारण अगले राउंड में पहुंचा था।
एक दशक से मेसी-रोनाल्डो कर रहे हैं राज
लियोनल मेसी और किस्टियानो रोनाल्डो के बीच एक दशक से भी ज्यादा समय से श्रेष्ठता की जंग चल रही है और इन दोनों के खेल का स्तर इतना ऊंचा है कि कोई और आज तक इन्हें टक्कर नहीं दे पाया। यूरोपीय फुटबॉल लीग में इन दोनों का राज है। पिछले 12 बैलेन डी ऑर अवॉर्ड में से इन दोनों ने मिलकर 11 अपने नाम किया है। मेसी ने इस अवॉर्ड को छह बार तो रोनाल्डो ने पांच बार हासिल किया है।
काका भी कर चुके हैं मेसी की तारीफ
बेकहम से पहले ब्राजील के दिग्गज फुटबॉल काका भी मेसी की तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने भी मेसी को रोनाल्डो से बेहतर बताया था। काका ने कहा था कि वह रोनाल्डो के साथ खेले हैं। सच में वह शानदार है, लेकिन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में वह मेसी को चुनना पसंद करेंगे। वह जीनियस हैं और विशुद्ध प्रतिभाशाली भी। वह अपने तरीके का अद्भुत खेल खेलते हैं।
Updated on:
20 Apr 2020, 4:41 PM IST
Published on:
20 Apr 2020, 4:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.