scriptअसम के धुबड़ी से ममता बनर्जी ने किया चुनावी अभियान का शंखनाद,बोली-चौकीदार को करें बोल्ड आउट | mamata banerjee appealed to clean bold chowkidar modi in assam rally | Patrika News
गुवाहाटी

असम के धुबड़ी से ममता बनर्जी ने किया चुनावी अभियान का शंखनाद,बोली-चौकीदार को करें बोल्ड आउट

तृणमूल असम की 14 सीटों में से 9 सीट पर चुनाव लड़ रही हैं

गुवाहाटीApr 05, 2019 / 08:05 pm

Prateek

mamta

mamta

(गुवाहाटी,राजीव कुमार): तृणमूल सुप्रीमो तथा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने असम के धुबड़ी में चुनाव प्रचार शुरू करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। ममता बनर्जी ने भाजपा को परास्त करने का आह्वान किया। तृणमूल कांग्रेस ने असम की नौ सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।


ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव में अब चाय वाला नहीं हैं। वे केतली भूल गए हैं। चाय के कप भूल गए हैं। चाय बनाना भूल गए हैं। अब चौकीदार बन गए हैं। चौकीदार रोज झूठी बातें बोल रहे हैं। बोल्डली झूठ बोल रहे हैं। उन्हें बोल्ड आउट करना होगा। चौकीदार के नाम पर अब भ्रष्टाचार व दुराचार किया जा रहा है। उनमें कोई शिष्टाचार नहीं है। हमें झूठ बोलने में शर्म आती है, पर उन्हें नहीं। उन्होंने कहा कि एक्सपायरी बाबू पांच वर्ष प्रधानमंत्री थे। देश को ध्वस्त कर दिया। अब फिर पांच वर्ष के लिए प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। एनआरसी में 40 लाख लोगों का नाम काटा गया। इसमें 22 लाख हिंदू परिवार हैं। 20 लाख मुस्लिमों का नाम काटा गया है। डिटेंशन कैंप में अमानवीय ढंग से बच्चों को रखा गया है।

उन्होंने कहा कि एनआरसी की घोषणा के दो दिनों के अंदर उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की टीम को असम भेजा था, लेकिन उन्हें हवाईअड्डे से बाहर ही निकलने नहीं दिया गया। उन लोगों ने विरोध किया था, तो उनके खिलाफ भी एफआइआर की गई। आज वह आई हैं, यदि हिम्मत है तो उन्हें अटकाएं। जब कोई भी राजनीतिक दल ने समर्थन नहीं किया था, जब आप विपत्ति में फंसे में थे तो तृणमूल कांग्रेस ने मदद की थी। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक का तृणमूल कांग्रेस ने विरोध किया था। यह एक और साजिश है। देश के लोगों को विदेशी बनाने की साजिश है। भाजपा ने लोगों का अधिकार छीना है। अब उन्हें सत्ता से हटाना होगा। उन्होंने कहा कि असम और बंगाल के बीच लंबे समय से संबंध रहा है। तीन चार माह पहले असम में पार्टी की शुरुआत की है। असम में तृणमूल कांग्रेस निश्चित ही जीत हासिल करेगी। असम की 14 सीटों में से 9 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं और इस चुनाव में जीत सुनिश्चित है।


उन्होंने कहा कि तृणमूल को पैसा देकर नहीं खरीदा जा सकता है। भय दिखा कर डराया नहीं जा सकता है। वे लोग किसी से भयभीत नहीं होते हैं। मोदी बाबू रोज चमकाते हैं, डराते हैं। बांग्ला में चिटफंड की बात करते हैं। बंगाल में तृणमूल के शासन में चिटफंड नहीं हुआ है। असम के मंत्री चिटफंड से जुड़े हैं, क्या प्रधानमंत्री ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। भाजपा बांग्ली हिंदू और मुस्लिम में बंटबारा कर रही है, लेकिन भाजपा की साजिश को जवाब देना होगा।

Home / Guwahati / असम के धुबड़ी से ममता बनर्जी ने किया चुनावी अभियान का शंखनाद,बोली-चौकीदार को करें बोल्ड आउट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो