scriptसीएम फिर पहुंचे बाढ़ प्रभावित इलाकों में, कमलनाथ भी करेंगे हवाई सर्वे | CM Visited The Flood Affected Areas shivraj kamal nath silawat scindia | Patrika News
ग्वालियर

सीएम फिर पहुंचे बाढ़ प्रभावित इलाकों में, कमलनाथ भी करेंगे हवाई सर्वे

7 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी करेंगे हवाई दौरा…। एमपी के यह मंत्री भी हैं बाढ़ प्रभावित इलाकों में सक्रिय…।

ग्वालियरAug 05, 2021 / 04:04 pm

Manish Gite

kamalnath-shivraj.jpg

ग्वालियर/भोपाल। ग्वालियर-चंबल संभागों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित है। कई लोगों के घर बारिश और बाढ़ में ढह गए हैं। हजारों लोगों को राहत शिविरों में रहना पड़ रहा है। इन हालातों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर हैं। गुरुवार सुबह ग्वालियर, शिवपुरी जिलों में सड़क मार्ग से रवाना हो गए। इस बीच खबर है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ 7 अगस्त को हवाई दौरा करने वाले हैं। जबकि प्रदेश सरकार के कई मंत्री भी प्रभावित इलाकों में दौरा कर रहे हैं।

 

ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों में बाढ़ से काफी जनजीवन प्रभावित हुआ है, कई लोग राहत शिविरों में समय गुजार रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल से ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचकर वहां से सड़क मार्क से ग्वालियर, शिवपुरी जिलों में बनाए गए राहत कैंपों का दौरा कर रहे है। वे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर समस्याएं जानेंगे। साथ ही उनके रहने, खाने की व्यवस्था का जायजा लेंगे।

 

यह भी पढ़ेंः 7 जिलों की बाढ़ में फंसे है 2 हजार से अधिक लोग, शिवराज ने गृहमंत्री से भी की फोन पर बात

 

कमलनाथ भी करेंगे हवाई दौरा

पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ भी 7 अगस्त को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा करेंगे। कांग्रेस के मीडिया समन्ययक नरेंद्र सलूजा के मुताबिक शनिवार को सुबह कमलनाथ ग्वालियर से दतिया, शिवपरी और श्योपुर का हवाई दौरा करने वाले हैं।

 

यह भी पढ़ेंः तीन पुल बहने की घटना को कमलनाथ ने बताया बेहद गंभीर, कहा- उच्च स्तरीय जांच हो

 

 

silawat.jpg

सिलावट और इमरती देवी सक्रिय

इधर, ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। वे भी क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। डबरा के पिछोर, लिधौरा, सिलेटा, गधोटा, चांदपुर, धोवट, हरसी बांध और लखेश्वरी स्थानों के दौरे पर है। उन्होंने गुरुवार सुबह बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया और पीड़ितों से मुलाकात की।

 

प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने गुरुवार सुबह डबरा जनपद के अंतर्गत पिछोर में बनाए गए बाढ़ शिविर का जायजा लिया और जरूरतमंदों को राहत देने में कोई ढिलाई नहीं बरतने की हिदायद दी। इस शिविर में बाढ़ प्रभावित लिधौरा और उससे जुड़े दयादीन बाथम का डेरा से लाए लोगों के लिए अस्थाई आवास व भोजन की व्यवस्था की गई है।सिलावट के साथ पूर्व मंत्री इमरती देवी, पूर्व विधायक मदन कुशवाह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी किशोर कान्याल व एसडीएम प्रदीप शर्मा एवं बीजेपी के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा आदि भी थे।

 

सिलावट को गांव ले जाने की जिद करने लगे ग्रामीण

इधर, खबर है कि विर्राट में सिलावट को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। सड़क पर महिलाएं और पुरुष उतर आए और उन्हें अपने साथ गांव में ले जाने की जिद पर अड़ गए। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस के साथ भी बहस की। प्रभारी मंत्री के समझाने पर डिप्टी कलेक्टर और निरीक्षण ने आश्वासन दिया, फिर सिलावट का काफिला आगे बढ़ सका। गौरतलब है कि गांव में बाढ़ से हालात खराब है और ग्रामीणों को कई स्थानों पर सड़क पर सोना पड़ रहा है।

 

yashodhra.jpg

बाढ़ प्रभावित इलाकों में सक्रिय हैं यशोधराराजे

इधर, प्रदेश की मंत्री यशोधरा राजे भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में सक्रिय हैं। उन्होंने नरवर के कालीपहाड़ी गांव और आसपास के इलाकों में चल रहे रेस्क्यू आपरेशन का जायजा लिया। इसके बाद करैरा विधानसभा के ग्राम काली पहाड़ी में ग्रामीण पानी में फंसे है उन्हें #SDRF की टीम ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। आज अपने दौरे के दौरान ग्रमीणों को भरोसा दिलाया, राहत बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, धैर्य रखने की जरूरत है सरकार आपके साथ हैं।

 

 

shivraj1.jpg
https://www.dailymotion.com/embed/video/x83626b

सीएम ने किया हवाई सर्वे

बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर जिले में आने वाले बाढ़ प्रभावित गांवों का हवाई सर्वे किया। सीएम बाढ़ के हालातों का जायजा लेने के बाद दिल्ली गए थे, जहां उन्होंने बाढ़ की विभीषिका की जानकारी केंद्र सरकार को दी।

datia.png
https://www.dailymotion.com/embed/video/x835vd4

नरोत्तम मिश्र ने भी किया था दौरा

इससे एक दिन पहले बुधवार को दतिया जिले में प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। नरोत्तम मिश्र दतिया जिले के ग्राम कोटरा, हिनोतिया गांव भी गए। यहां रेस्क्यू आपरेशन का जायजा लिया। इस दौरान वे खुद भी बाढ़ प्रभावितों के साथ फंस गए थे। उनकी नाव पर एक पेड़ गिर जाने से नाव वहीं अटक गई थी। इसके बाद गृहमंत्री को भी हेलीकाप्टर के जरिए रेस्क्यू किया गया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो