कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान जब विधायक प्रहलाद भारती के समक्ष किसानों और अन्य लोगों ने यह बात रखी कि मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टर को स्पष्ट निर्देश दे रखे हैं कि वह जनता से सीधे रूबरू हों, लेकिन शिवपुरी कलेक्टर शिल्पा गुप्ता कभी जनता से सीधे रूबरू नहीं होतीं। इस पर विधायक भारती ने मीडिया के समक्ष स्पष्ट रूप से कहा कि मैं इस मामले में ऊपर बात करूंगा और आवश्यकता पडऩे पर कलेक्टर की शिकायत भी उचित जगह की जाएगी।
किसानों के जिद पर अडऩे के बाद कलेक्टर इस बात के लिए तैयार हो गईं कि किसान अपने दो लोगों को प्रतिनिधि बना कर उनसे मिलने भेज दें, लेकिन किसानों का कहना था कि हमारा प्रतिनिध मंडल कलेक्टर से नहीं मिलेगा हम सभी किसान कलेक्टर से मिलकर जाएंगे क्योंकि ऐसे कई ज्ञापन वह दे चुके हैं परंतु उनके ज्ञापनों को डस्टबिन में फेंक दिया जाता है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों द्वारा घेराव व धरना प्रदर्शन के मामले का पटाक्षेप अंतत: देर शाम पांच बजे उस समय हुआ जब कलेक्टर शिल्पा गुप्ता ने सभी किसानों को भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों के साथ हॉल में आमंत्रित किया। किसान संघ के जिलाध्यक्ष कल्याण यादव ने उन्हें अपना ज्ञापन पढ़ कर सुनाया और अपनी बातें उनके समक्ष रखीं।
इस पूरे मामले में शाम करीब पौने पांच बजे भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी कलेक्ट्रेट पहुंचे और उन्होंने किसानों तथा कलेक्टर के बीच मध्यस्थता का प्रयास किया। इस पर किसानों ने सख्त लहजे में उन्हेंं यह कह कर लौटा दिया कि हमें दलालों की कोई जरूरत नहीं है। किसानों ने इस दौरान भाजपा के खिलाफ नारे भी लगाए।