
Hanumangarh police exposed the case of murder of youth in land dispute
हनुमानगढ़. भूमि विवाद की पुरानी रंजिश में युवक की हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी का सदर पुलिस ने कोर्ट में पेश कर रिमांड मंजूर कराया। आरोपी से रिमांड के दौरान हत्या की वारदात में शामिल अन्य लोगों की संलिप्तता एवं पिस्तौल की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जा रही है। सदर थाना पुलिस ने रविवार को मामले का खुलासा कर मृतक के दोस्त को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। प्रथमदृष्ट्या वारदात का कारण यह सामने आया है कि मृतक अपने दोस्तों के साथ किसी का जमीन पर कब्जा कायम रखने में सहयोग करने के लिए भाड़े पर गया था। वहां दोस्त के साथ शराब के नशे में विवाद हो गया। इस पर उसे दोस्त ने ही गोली मार दी। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुरू किया गया पार्षदों व मृतक के परिजनों का सदर थाने के बाहर धरना आरोपी की गिरफ्तारी के बाद समाप्त कर दिया गया।
सदर थाना प्रभारी लालबहादुर ने बताया कि श्यामसुन्दर (25) पुत्र लालचंद लुहार निवासी वार्ड 59, सुरेशिया की हत्या के आरोप में सीताराम (19) पुत्र बनवारीलाल बावरी निवासी वार्ड 60 नजदीक गोगामेड़ी सुरेशिया को गिरफ्तार किया गया है। हत्या की वारदात के बाद जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने निरंतर पड़ताल की। साक्ष्य एकत्रित किए तथा संदिग्धों से पूछताछ की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
मामले की जांच कर रहे सदर थाना प्रभारी लाल बहादुर ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या जांच में सामने आया है कि चक 21 एलएलडब्ल्यू में खुशीराम निवासी जण्डावाली की कृषि भूमि है जिसको लेकर दो परिवारों के बीच विवाद चला आ रहा है। खुशीराम की जमीन का कब्जा कायम रखने के लिए उसका काश्तकार हरमेश उर्फ महेशी पैसे देकर मृतक श्यामसुन्दर उर्फ श्यामा व उसके दोस्त सीताराम तथा विक्की उर्फ मांडी को यहां से गुरुवार को लेकर गया था। रात में श्यामसुन्दर उर्फ श्यामा व उसके दोस्त सीताराम का शराब के नशे मे विवाद हो गया। विवाद होने पर सीताराम ने श्यामसुन्दर उर्फ श्यामा की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी सीताराम से अन्य आरोपियों की संलिप्तता आदि को लेकर पूछताछ की जा रही है।
चक 21 एलएलडब्ल्यू, जंडावाली में गुरुवार को खेत में पानी लगाने का बहाना कर युवक को बुलाया गया और उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर तीन जनों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया। लालचंद लुहार पुत्र कानाराम लुहार निवासी वार्ड 59, सुरेशिया, जंक्शन ने रिपोर्ट दी थी कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे बग्गी नामक व्यक्ति उसके पुत्र श्यामसुन्दर (25) को बुलाने आया। वह बातचीत कर पुत्र को अपने साथ ले गया। जाने से पहले श्यामसुन्दर ने बताया कि उसे खुशीराम, अंग्रेज, महेशी आदि अपने खेत चक 21 एलएलडब्ल्यू, जंडावाली में पानी लगाने के लिए बुला रहे हैं। मगर वह रात्रि को घर नहीं आया। शुक्रवार सुबह उसे पता चला कि उसके पुत्र की हत्या कर दी गई है। इस सूचना पर वह टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचा तो श्यामसुन्दर का शव मोर्चरी कक्ष में पड़ा था।
Published on:
28 May 2024 09:20 am
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
