scriptएक्सपर्ट से जानिए किन कारणों से बढ़ता है वजन | expert can advise that how can you control your wait | Patrika News
सेहत के सवाल जवाब

एक्सपर्ट से जानिए किन कारणों से बढ़ता है वजन

पाठकों के द्वारा भेजे गए सवालों के जवाब एक्सपर्ट ने दिए हैं

जयपुरMar 12, 2019 / 08:01 pm

Hemant Pandey


सवाल- मेरे चेहरे पर कील और मुंहासे हुए थे जो अब मिट गए लेकिन उनके निशान बने हुए हैं। इनको कैसे ठीक कर सकते हैं?
अनिल
जवाब – चेहरे पर दाग मिटाने के लिए कोई स्थाई क्रीम या दवा नहीं है। यह समय से ही मिटते हैं। चेहरे पर मुंहासों के दाग दोबारा से न हो इसके लिए ध्यान रखें कि जब कोई दाना निकले तो उसको हाथ से बार-बार न छूए और न ही इनको फोड़ने की कोशिश करें। इससे निशान पड़ सकता है। अगर दाग गहरे हैं तो किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ को दिखाकर सलाह ले सकते हैं। कुछ क्रीम हैं जिनसे निशान हल्के हो सकते हैं।
सवाल- मेरी उम्र 18 वर्ष है। अचानक से वजन तेजी से बढ़ा है। इसका कारण क्या हो सकता है?
हर्षित
जवाब – आमतौर पर इस उम्र में वजन नहीं बढ़ता है। इसके चार कारण हो सकते हैं। पहला थायरॉइड बढ़ा हो। दूसरा आनुवांशिक कारण जैसे आपके माता-पिता का भी वजन ज्यादा हो। तीसरा हार्मोनल कारण और चौथा आप व्यायाम नहीं करते हो। इन कारणों को ध्यान में रखते आप किसी फिजिशियन को दिखा सकते हैं।
सवाल- मेरे पेट में समस्या रहती है। इसका इलाज क्या है? कोई घरेलू उपाय बताइए?
शत्रुघन

जवाब – आपने स्पष्ट नहीं किया है कि पेट में किस तरह की समस्या है। पेट में गैस और एसिडिटी की समस्या सामान्य है। इसके लिए दिनचर्या सही रखें। समय पर खाएं, सोएं और नियमित व्यायाम करें। खाने में हरी सब्जियां-फल अधिक उपयोग करें। आंवला पेट के लिए अच्छा होता है। इसे किसी भी रूप में सेवन कर सकते हैं। अगर स्टूल से संबंधी परेशानी है तो रात में गुनगुने दूध के साथ भूसी भी ले सकते हैं। आपकी बीमारी स्पष्ट नहीं है। इसलिए सही जानकारी देना मुश्किल है। परेशानी ज्यादा है तो किसी फिजिशियन या आयुर्वेद विशेषज्ञ को दिखाकर सलाह ले सकते हैं।
सवाल-कमर में दर्द होता है। यह समस्या 15 दिनों से है। कई बार दर्द तेज हो जाता है कि शॉप पर बैठा नहीं जाता है। इसका इलाज बताइए?
भानीराम, 35 वर्ष

जवाब -अगर कमर का दर्द पैरों में नहीं जा रहा है तो हो सकता है कि गलत तरीके से उठने-बैठने या मस्कूलर स्टे्रन के कारण हो सकता है। इसलिए किसी आर्थोपेडिक्स सर्जन को दिखा सकते हैं। इसमें कुछ दवाइयां दी जाती और कई बार फिजियोथैरेपी से ठीक हो जाता है। लेकिन कमर का दर्द पैरों में जा रहा है तो नर्वस की समस्या हो सकती है। इसमें एमआरआई कराकर देखना होता है कि कहीं कोई नस तो नहीं दब रही है।
सवाल- मेरे चेहरे पर मुहांसे हो गए हैं जो सफेद कलर के हैं। इसको कैसे ठीक किया जा सकता है?
देवेंद्र कुमावत
जवाब -आपने उम्र नहीं बताया है। अगर आपकी उम्र 14-25 वर्ष के बीच है तो इस उम्र में हार्मोनल बदलाव के कारण यह समस्या होती है। पहली बात इसको लेकर परेशान न हो। यह समय के साथ ठीक हो जाएंगे। यह किसी में सफेद तो किसी में लाल दिखते हैं। हां इसमें कुछ सावधानियां बरतने की जरूरत रहती है जैसे चेहरे को दिन में कई बार सामान्य पानी से साफ करते रहें। ज्यादा मिर्च-मसाले वाले फूड से परहेज करें। दानों को हाथ से न छूए। निशान पड़ सकते हैं। बाजार में बिकने वाली कोई भी क्रीम अपने मन से लेकर न लगाएं। इसमें हानिकारक स्टेराइड्स होते हैं। ज्यादा नुकसान हो सकता है। अगर दाने अधिक निकल रहे हैं तो किसी स्किन एक्सपर्ट को दिखाकर सलाह ले सकते हैं।
डॉ. अमित तिवारी, स्किन एक्सपर्ट और डॉ. अजय नायर, फिजिशियन जयपुर

Home / Health / Health Questions Answers / एक्सपर्ट से जानिए किन कारणों से बढ़ता है वजन

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो