script56.8 फीसदी भारतीयों को भरोसा… एक साल में और सुधर जाएगी देश की आर्थिक हालत | 56.8 percent Indians are confident... the economic condition of the co | Patrika News
इंडियन रीजनल

56.8 फीसदी भारतीयों को भरोसा… एक साल में और सुधर जाएगी देश की आर्थिक हालत

कंज्यूमर कॉन्फिडेंस सर्वे : रोजगार की दशा में भी सुधार की उम्मीद

नई दिल्लीOct 09, 2023 / 01:40 am

ANUJ SHARMA

56.8 फीसदी भारतीयों को भरोसा... एक साल में और सुधर जाएगी देश की आर्थिक हालत

56.8 फीसदी भारतीयों को भरोसा… एक साल में और सुधर जाएगी देश की आर्थिक हालत

नई दिल्ली. ज्यादातर भारतीयों को भरोसा है कि अगले एक साल के दौरान देश की आर्थिक हालत में सुधार के साथ उनकी कमाई में भी सुधार होगा। देश में रोजगार की दशा भी बेहतर होगी। रिजर्व बैंक की ओर से किए गए कंज्यूमर कॉन्फिडेंस सर्वे से यह जानकारी मिली है। सर्वे के मुताबिक जुलाई के दौरान लोगों के भरोसे में कुछ कमी आई थी, लेकिन सितंबर में भरोसे का इंडेक्स 92.2 पर पहुंच गया। यह आंकड़ा चार साल में सबसे ऊपरी स्तर पर है। सर्वे के मुताबिक 56.8 फीसदी भारतीयों ने माना कि एक साल में देश की आर्थिक हालत में सुधार होगा। वहीं 15.1 फीसदी का मानना है कि अगले साल भी आर्थिक हालत इसी तरह रहेगी। इसके अलावा 28.1 फीसदी भारतीयों ने अगले साल आर्थिक हालत में गिरावट की आशंका जताई। सर्वे के मुताबिक 55.8 फीसदी लोग मानते हैं कि एक साल में रोजगार की दशा में सुधार होगा। वहीं 18.1 फीसदी का मानना है कि अगले साल भी रोजगार की दशा मौजूदा साल की तरह रहेगी और 26.2 फीसदी का मानना है कि अगले साल रोजगार की दशा और खराब होगी।
6077 लोग शामिल

सर्वे 2 से 11 सितंबर के बीच किया गया। इसमें 6077 भारतीयों को शामिल किया गया। सर्वे में 55.7 फीसदी का मानना था कि अगले साल उनकी कमाई में सुधार होगा। वहीं 37.8 फीसदी का मानना है कि कमाई मौजूदा स्तर पर ही रहेगी। सिर्फ 6.5 फीसदी ने माना कि अगले साल उनकी कमाई में गिरावट आएगी।
कारोबारियों का भरोसा बढ़ा

सीआइआइ के बिजनेस कॉन्फिडेंस इंडेक्स के मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था पर कारोबारियों का भरोसा बढ़ा है। साल की दूसरी तिमाही में इंडेक्स 67.1 पर पहुंच गया है। यह पहली तिमाही में 66.1 पर था। वहीं पिछले साल की इसी तिमाही में इंडेक्स 62.2 पर था। कारोबारियों के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र से मांग बढऩे की उम्मीद है। इससे पूरी अर्थव्यवस्था पर भरोसा बढ़ा है।

Home / Recipes / Recipes Regional / 56.8 फीसदी भारतीयों को भरोसा… एक साल में और सुधर जाएगी देश की आर्थिक हालत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो