
कोरोना वायरस के हाई अलर्ट पर मध्य प्रदेश, यहां मिला संदिग्ध
इंदौर/ दिल्ली, तेलंगाना,जयपुर के बाद मध्य प्रदेश में एक बार फिर कोरोना वायरस का संदिग्ध मरीज देखने को मिला है। ये संदिग्ध प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में मिला है। मरीज के सामने आते ही मध्य प्रदेश को वायरस के संबंध में हाई अलर्ट पर डाल दिया है। बताया जा रहा है कि, संदिग्ध मरीज इटली से इंदौर आया था। जिसके सेंपल जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) पुणे भेजे गए हैं। हालांकि, बुधवार को इसकी रिपोर्ट सामने आ सकती है।
ये दिये गए आदेश
स्वास्थ्य संचालनालय द्वारा इसे लेकर बैठक भी ली गई। उन्होंने सभी जिला अस्पतालों में वेंटिलेटर की सुविधा रखने को कहा है। उन्होंने कहा है कि हर जिले में कम से कम एक-दो डॉक्टरों को वेंटिलेटर चलाने की ट्रेनिंग देने दी जाए। अस्पतालों में संक्रमण से निपटने की तैयारियां रखने को कहा गया है। इसके लिए सभी जिला अस्पताल अधीक्षकों से स्वास्थ्य संचालनालय के अफसर मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से बात करेंगे। बता दें कि प्रदेश में अभी तक 420 लोग कोरोना प्रभावित देशों से यात्रा कर मध्य प्रदेश में आए हैं। इनमें 319 को 24 दिन तक निगरानी के बाद संदिग्ध की श्रेणी से बाहर कर दिया गया है। प्रदेश में अब तक 18 संदिग्ध मिल चुके हैं, इनमें 17 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
प्रभावित देशों से यात्रा करके आने वालों की होगी निगरानी
कोरोना प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की सूची एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा राज्य कंट्रोल रूम को दी जाएगी। इस सूची में वह यात्री शामिल रहेंगे जिन्हें सर्दी,जुकाम बुखार, गले में तकलीफ है। राज्य कंट्रोल रूम से संबंधित जिले के सीएमएचओ को सूचना भेजी जाएगी। सीएमएचओ की निगरानी में संदिग्ध को उसके घर में ही 24 दिन तक अलग रखा जाएगा।
Published on:
4 Mar 2020, 5:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.