scriptलोकसभा चुनाव 2019 : सट्टा बाजार दे रहा प्रदेश में कांग्रेस को सिर्फ दो सीट | LokSabha Elections : satta bajar giving only 2 seats to Congress in mp | Patrika News
इंदौर

लोकसभा चुनाव 2019 : सट्टा बाजार दे रहा प्रदेश में कांग्रेस को सिर्फ दो सीट

सटोरिए बता रहे सिंधिया व नाथ को विजयी, इंदौर में… जय-जय शिव-शंकर, शंकर लालवानी 7 पैसे, पंकज संघवी का 14 रुपए

इंदौरMay 20, 2019 / 11:22 am

Mohit Panchal

sankar lalwani

लोकसभा चुनाव 2019 : सट्टा बाजार दे रहा प्रदेश में कांग्रेस को सिर्फ दो सीट

मोहित पांचाल

इंदौर। लोकसभा चुनाव में बम्पर मतदान के बाद भाजपा व कांग्रेस में समीकरणों के घोड़े दौड़ लगा रहे हैं। सट्टा बाजार में भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी की जीत स्पष्ट बताई जा रही है। उनका भाव ७ पैसे हो गया है, मतलब जीत अटल है। कांग्रेस प्रत्याशी पंकज संघवी का रेट १४ रुपए पहुंच गया है। सटोरियों को प्रदेश की २९ सीटों पर कांग्रेस की दो पर जीत का भरोसा है।
इंदौर का सट्टा बाजार पूरे देश में ख्यात है। यहां पर पंचायत से लेकर देश के सबसे बड़े लोकसभा चुनाव तक पर सट्टा लगाया जाता है। उनका आकलन इतना खरा होता है, जिसका गवाह खुद परिणाम होता है। विधानसभा चुनाव में सटोरियों ने प्रदेश में कांग्रेस सरकार की घोषणा कर दी थी।
लोकसभा चुनाव के लिए भी सटोरिए खासे सक्रिय हो गए थे, लेकिन कारोबार आईपीएल मैच खत्म होने के बाद शबाब पर आया। मालवा निमाड़ की आठ सीटों सहित देशभर में मतदान के सभी दौर खत्म हो गए, जिसके बाद सटोरियों ने अपना कारोबार तेज कर दिया है।
सात पैस में भी खाईवाली नहीं – बात करें इंदौर लोकसभा सीट की तो सटोरियों के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। उनकी निगाह में लालवानी की कीमत ७ पैसे है, जिसमें भी कोई खाईवाली करने को तैयार नहीं है।
सौदे लगभग न के बराबर हो रहे हैं, जिसका मतलब लालवानी को संसद में जाने से कोई रोक नहीं सकता है। कांग्रेस प्रत्याशी पंकज संघवी की कीमत १४ रुपए हो गई है। अर्थ है संघवी जीत गए तो एक रुपए लगाने पर १४ रुपए मिलेंगे। बाजार में अब जीत के आंकड़ों को लेकर भी सौदे शुरू हो गए हैं। तीन लाख से अधिक वोटों से चुनाव जीतने के भाव ढाई रुपए थे। जीतने पर एक रुपए के ढाई रुपए मिलेंगे।
राऊ व पांच नंबर की हार- जीत पर भी सट्टा
इसके अलावा राऊ और पांच नंबर विधानसभा में भाजपा कांग्रेस की हार-जीत को लेकर भी सट्टा चल रहा है। मंत्री जीतू पटवारी की विधानसभा राऊ से भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। यहां से ५० पैसे लालवानी का भाव है। चौंकाने वाली बात तो ये है कि कांग्रेस प्रत्याशी संघवी का गढ़ माने जाने वाले पांच नंबर विधानसभा में भी लालवानी को ही बढ़त दी जा रही है। इन दोनों विधानसभाओं से पहले देपालपुर पर भी सट्टा चल रहा था।
दिग्गी नहीं, प्रज्ञा का 25 पैसे
सटोरियों की मानें तो प्रदेश की २९ सीटों में से सिर्फ दो पर ही कांग्रेस मजबूत है। गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया तो छिंदवाड़ा से नकुल नाथ की जीत तय है। सिंधिया के भाव १५ पैसे खोले गए हैं, तो नाथ का सटोरियों ने भाव ही नहीं खोला। वहीं, भोपाल सीट से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को हारा हुआ माना जा रहा है, यहां से भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर का भाव २५ पैसे खोला गया, जो जीत के लिए मजबूत माना जाता है।
एक्जिट पोल से आएगा बदलाव
आखरी दौर के मतदान तक सटोरिए भाजपा को २४७ से २४९ के बीच में सीट दे रहे थे तो उनके हिसाब से कांग्रेस को ७८ से ८० सीट मिलना है। कल शाम को एक्जिट पोल ने सट्टा बाजार को हिलाकर रख दिया है। संभावना है कि उसके आधार पर आज दोपहर में खुलने वाले भाव में भाजपा की सीट और बढ़ सकती हैं।

Home / Indore / लोकसभा चुनाव 2019 : सट्टा बाजार दे रहा प्रदेश में कांग्रेस को सिर्फ दो सीट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो