scriptजिन पत्थरों को बेकार समझ फेंक दिया, वे बन गए आकर्षण का केंद्र | The stones which were thrown away as useless, they became the center of attraction | Patrika News
इंदौर

जिन पत्थरों को बेकार समझ फेंक दिया, वे बन गए आकर्षण का केंद्र

ट्रेचिंग ग्राउंड के आसपास थ्री-आर पर काम करते हुए निगम ने बनाई बेकार सामानों से कलाकृतियांबायोमेथिनाइजेशन प्लांट के उद्घाटन में यहीं पर आएंगे कई अफसर

इंदौरFeb 15, 2022 / 09:23 pm

नितेश पाल

इस तरह की कलाकृतियां बनाई है निगम ने

इस तरह की कलाकृतियां बनाई है निगम ने

इंदौर. नदियों पर बनी रेत की खदानों से रेत के साथ ट्रकों में भरकर बड़े-बड़े पत्थर इंदौर तक आ जाते हैं। इन पत्थरों को रेत व्यापारियों ने बेकार समझकर सड़क किनारे ही फेंक दिया था। अब ये ही बड़े-बड़े पत्थर नेमावर रोड पर आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। यहां से गुजरने वालों की नजर एक बार इन पर ठिठक जाती है।
ट्रेचिंग ग्राउंड में नगर निगम ने एशिया के सबसे बड़े बायोमेथिनाइजेशन प्लांट को बनाया है। इस प्लांट के साथ ही स्वच्छता के प्रतिक बन चुके इंदौर के ट्रेचिंग ग्राउंड क्षेत्र को नगर निगम अलग पहचान देना चाहता था। इसके चलते ट्रेचिंग ग्राउंड पहुंचने वाले मार्ग को नगर निगम ने आकर्षक तरीके से सजाने का निर्णय लिया था। नगर निगम ने इस पूरे रास्ते पर कई कलाकृतियां बनाई हैं। ये कलाकृतियां थ्री आर (रियूज, रिसाइकल और रिड्यूज) के सिद्धांत पर बनाई गई हैं। शहर से निकलने वाले कबाड़ के सामान से इन्हें तैयार किया गया है। कबाड़ में आने वाले लोहे के सरियों को जोडकर इनका खाका तैयार किया गया। जिसमें सड़क किनारे फेंके गए पत्थरों को भरकर उनकी पुताई कर आकर्षक बना दिया गया।
सजा दिया पूरे क्षेत्र को
इसी सप्ताह में बायोमेथिनाइजेशन प्लांट का उद्घाटन होना है। जिसमें केंद्र सरकार के अफसरों के साथ ही कई अन्य लोग भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली भाग लेंगे। जिसके चलते नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र में विशेष सजावट की जा रही है। नेमावर रोड के इस हिस्से में जहां सड़कों को दुरूस्त किया गया है। वहीं सड़क के किनारों पर पौधारोपण के साथ ही आकर्षक पेटिंग भी बनाई गई हैं।
0 हम लगातार जनता को कचरे की मात्रा को कम करने के लिए समझा रहे हैं। इसी क्रम में जनता को प्रेरित करने के लिए हमारे द्वारा ये कलाकृतियां बनाई गई हैं।
– महेश शर्मा, अधीक्षण यंत्री, स्वच्छ भारत मिशन
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो