इंदौर. महज पूरा पहाड़ा नहीं बोल पाने की वजह से सौतेले पिता ने तीन साल की मासूम की पटक-पटक कर हत्या कर दी। खुड़ैल पुलिस ने पिता के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, जैतपुरा की जोरा बाई की शादी खजराना के रईस पठान से हुई थी।
दोनों का दांपत्य जीवन ठीक नहीं चल रहा था, इसलिए वह पेडमी में मंगू उर्फ मंगल पिता भारत की पत्नी बनकर साथ रह रही थी। वह तीन साल की मासूम बेटी भूरी को भी अपने साथ ही ले आई थी। बुधवार शाम 5 बजे मंगू घर आया और मासूम भूरी से पहाड़े पूछे। बच्ची पूरा पहाड़ा नहीं पढ़ सकी तो उसने गुस्से में उसे पटक-पटक कर इतना मारा कि बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद उसने मासूम भूरी को मां जोरा बाई के पास ही सुला दिया।
-
बताते हैं, जोरा बाई की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने से उसे बच्ची के मृत होने का अहसास ही नहीं हुआ। इधर, गुरुवार सुबह होते ही सौतेला पिता मंगू भाग खड़ा हुआ। इसी बीच खेत मालिक सरवर पटेल घर पहुंचा तो पता चला, बच्ची मृत है। इसके बाद जोरा बाई ने बीती रात मंगू की पिटाई की कहानी बताई। खुड़ैल पुलिस को घटना की सूचना दी। जांच के बाद पुलिस ने मंगू के खिलाफ 302 के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस फरार सौतेले पिता की तलाश कर रही है। बच्ची के शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।