संजू और पृथ्वी हैं सबसे युवा अर्धशतकधारी सैमसन ने 2013 में तो शॉ ने 2018 में बनाया यह रिकॉर्ड टॉप-5 मे पंत, गिल और किशन का भी है नाम
नई दिल्ली : जयपुर में शनिवार को जब राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस का हराकर अपने प्ले ऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा तो उसमें टीम के कप्तान स्टीवन स्मिथ के अलावा 17 साल के एक युवा आलराउंडर रियान पराग की भी बड़ी भूमिका थी। हालांकि वह अपना पहला आईपीएल अर्धशतक बनाने से चूक गए और इसी के साथ एक बड़े रिकॉर्ड से भी चूक गए। अगर वह अर्धशतक लगा लेते तो आईपीएल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हो जाते। मैच वाले दिन उनकी उम्र महज 17 साल 161 दिन थी। जबकि आईपीएल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड संजू सैमसन और पृथ्वी शॉ के नाम संयुक्त रूप से है।
हालांकि रियान पराग के पास अब भी मौका है। वह इस सीजन में अर्धशतक लगाते हैं तो आईपीएल में यह रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन जाएंगे।
आइए जानते हैं सबसे युवा उन पांच बल्लेबाजों के बारे में जिन्होंने आईपीएल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाया है।
संजू सैमसन और पृथ्वी शॉ
आईपीएल मे सबसे कम उम्र में अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड सजू सैमसन और और पृथ्वी शॉ के नाम है। संयोग देखिए कि जिस दिन इन दोनों ने आईपीएल में अर्धशतक लगाया था, उस दिन इन दोनों की उम्र 18 साल 169 दिन थी। संजू ने जहां यह रिकॉर्ड साल 2013 में बनाया था तो वहीं पृथ्वी शॉ ने 2018 में इसकी बराबरी की।
संजू सैमसन ने 21 सितंबर 2013 को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच 47 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली थी। इसी दौरान उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया था। जबकि पृथ्वी शॉ ने 27 अप्रैल 2018 को दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से केकेआर के खिलाफ खेलते हुए 44 गेंदों पर 62 रन बनाकर इस रिकॉर्ड की बराबरी की।
ऋषभ पंत
इन दोनों खिलाड़ियों के बाद तीसरे नंबर पर युवा विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत हैं। उन्होंने 4 मई 2016 को गुजरात लायंस के खिलाफ 40 गेंदों पर 9 चौके और 2 छक्के की मदद से 69 रनों की पारी खेली थी। उस वक्त उनकी उम्र 18 साल 212 दिन था। तब वह संजू सैमसन के बाद अर्धशतक लगाने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे। 2018 में पृथ्वी शॉ ने उन्हें तीसरे नंबर पर धकेल दिया।
शुभमान गिल
मई 2018 में इस लिस्ट में शुभमान गिल ने अपना नाम भी लिखाया। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए 6 चौकों और दो छक्कों की मदद से 36 गेंद पर नाबाद 57 रन बनाकर टॉप-5 की इस लिस्ट में चौथे नंबर पर अपना नाम लिखाया। जब उन्होंने आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक लगाया तब उनकी उम्र 18 साल 237 दिन था।
ईशान किशन
ईशान किशन ने गुजरात लायंस की तरफ से सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 14 मई 2017 में खेलते हुए 40 गेंदों में 61 रन बनाकर तीसरे सबसे युवा बल्लेबाज बने थे। जिस दिन उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया था, उस दिन उनकी उम्र 18 साल 299 दिन थी। बाद में पृथ्वी शॉ और शुभमान गिल ने उन्हें पांचवें स्थान पर धकेल दिया।