पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजा का बाड़ा वाली गली निवासी आकाश ठाकुर 19 वर्ष पेंट पुट्टी का काम करता है। आकाश बुधवार को करीब 9 बजे रात को अपने मौसेरे भाई सौरभ ठाकुर के साथ खड़ा था। इसी बीच मोहल्ले का गन्नू उर्फ सुनील ठाकुर वहां पहुंचा और आकाश को किनारे ले जाकर बात करने लगा। कुछ ही देर में दोनों जोर जोर से चिल्ला चिल्ला कर बातें करने लगे। तभी अचानक गन्नू ने जेब से चाइना चाकू निकाला और आकाश के पेट में लगातार वार करता रहा। जिससे उसका पेट फट गया।
बीच रास्ते तोड़ दिया दम
पुलिस के अनुसार चाकू लगने के बाद आकाश वहीं गिर पड़ा, जबकि गन्नू मौके से फरार हो गया। सौरभ ठाकुर दौडकऱ पास आया और घर वालों को आवाज दी। परिजन तत्काल विक्टोरिया अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन आकाश ने बीच रास्ते ही दम तोड़ दिया। विक्टोरिया के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर पाकर मौके पर पहुंची माढ़ोताल पुलिस ने सौरभ के बयान के आधार पर गन्नू पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। माढ़ोताल टीआई रीना पांडे के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आकाश का गन्नू की बहन से बातचीत होती थी। गन्नू ने कई बार आकाश को बहन से दूर रहने के लिए धमकाया था। एक दिन पहले आकाश उसकी बहन से मिलने घर भी चला गया था। तब गन्नू के घर में कोई नहीं था। इसकी जानकारी लगने पर ही वह आग बबूला हो गया था। इसी के बाद उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।