scriptएमपी: बारिश से बढ़ा खतरा, नदी नाले उफान पर, घरों में घुसा पानी | MP: increased risk of rain, the river brook in spate, the water entered houses | Patrika News
जबलपुर

एमपी: बारिश से बढ़ा खतरा, नदी नाले उफान पर, घरों में घुसा पानी

महाकौशल में 4 दिनों से लगातार झमाझम बारिश, शहर से गांवों का संपर्क टूटा

जबलपुरAug 18, 2016 / 01:25 pm

neeraj mishra

Urad rain

Urad rain


जबलपुर। मप्र के सभी संभागों में बारिश का दौर जारी है। महाकौशल में हो रही लगातार 4 दिनों से झमाझम बारिश के चलते खतरा बढ़ गया है। नदी-नाले पूरी तरह से उफान पर हैं। सभी खतरे के निशान से न सिर्फ ऊपर बह रहे हैं बल्कि पुल व पुलियाओं को अपनी चपेट में ले चुके हैं। इससे गांवों का शहर से संपर्क भी टूट रहा है। जबलपुर समेत कटनी, नरसिंहपुर, दमोह सहित अन्य शहरों के हालात खराब हैं। त्यौहार के कारण भी लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश इस कदर हो रही है कि अब लोगों के घरों में पानी घुसने लगा है। लोगों का घरों से बाहर निकलने का क्रम शुरु हो गया है। कटनी के हालात भी बेकाबू हो रहे हैं। कई गांवों में जल प्लावन की स्थिति निर्मित हो चुकी है। लगातार बारिश से कई बांधों में खतरा मंडराने लगा है। यातायात बुरी तरह प्रभावित है। 

 spleen damage

कॉलोनियों में भरा पानी
लगातार बारिश के कारण बाढ़ से हालात निर्मित हो गए हैं। नर्मदा नदी भी एकदम उफान पर है। बरगी डेम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे नदी का जल स्तर भी काफी बढ़ गया है। अधिकांश क्षेत्र टापू में तब्दील हो रहे हैं। जबलपुर की कई कॉलोनी पानी से लबालब हो गई हैं। हालात इस कदर बिगड़ रहे हैं कच्चे मकान सीलन के कारण ढहने की कगार पर हैं। पक्के मकानों पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। मौसम विभाग की मानें तो अभी बारिश का दौर नहीं थमने वाला। 

मार्गों में फंसे लोग
बारिश कटनी जिले के लोगों के लिए कहर साबित हो रही है। कटनी नदी खतरे से ऊपर बह रही है। निचली बस्तियों में पानी भर गया है। यह पानी ठेल के कारण लोगों के घरों में घुसने लगा है। इससे लोगों की गृहस्थी चौपट हो रही है। सबसे ज्यादा हालात बहोरीबंद क्षेत्र के बन गए हैं। सिहोरा से सलैया स्टेशन रोड मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। लोग जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैं। यहां पर बचाव कार्य के लिए प्रशासन द्वारा कोई इंतजाम अबतक नहीं किए गए हैं। सैकड़ों की तादाद में लोगों नदी के दोनों पार फंसे हुए हैं।


 spleen damage

गायत्रीनगर और मंगलनगर मार्ग अवरुद्ध
बारिश सबसे ज्यादा परेशानी का सबब मंगलनगर और गायत्री नगर पुलिया से अवागमन करने वाले लोगों के लिए बनी हुई है। मंगलनगर पुलिया में पानी भर जाने के कारण कटनी-साऊथ स्टेशन सहित छपरवाह, बिलगवां, देवरीहटाई समेत दर्जनों गांवों का संपर्क टूट चुका हैं। यात्रियों को ट्रेन पकडऩे में परेशानी हो रही हैं तो वहीं दूसरी ओर ग्रामीण अपने रोजमर्रा के काम से न तो शहर पहुंच पा रहे हैं और न ही शहर से गांव जा पा रहे हैं। कमोवेश स्थिति गायत्री नगर पुलिया की बनी हुई है। गायत्री नगर जाने के लिए लोग ओवरब्रिज के सहारे कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंच पा रहे हैं। 

रीठी में भी समस्या
कटनी जिले के रीठी गांव में लगातार बारिश ने समस्या बढ़ा दी है। शिवनगर कॉलोनी सहित अधिकांश बस्तियां जलमग्न हो चुकी हैं। लोग अब घर से बाहर निकलकर अपने आप को सुरक्षित करने में जुटे हुए हैं। इसी प्रकार विजयराघवगढ़, बरही, बड़वारा, ढीमरखेड़ा के बने हुए हैं। इन क्षेत्रों के अधिकांश गांव का आवागमन बारिश के कारण ठप हो गया है। लगातार हो रही बारिश से जबलपुर सहित कटनी, नरसिंहपुर में जनजीवन काफी अस्त-व्यस्त है। गांव के गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। 


 spleen

फसलों पर संकट
लगातार बारिश अब फसलों के लिए भी अभिषाप बनने लगी है। बारिश के कारण दलहन और तिलहन को नुकसान की संभावना बढ़ गई है। बारिश के उड़द, तिली सहित मक्का को अधिक नुकसान हो रही हैं। पानी में सब्जियां भी सडऩे की कगार में पहुंच गई हैं। लगातार बारिश के कारण रुका हुआ रोपाई का कार्य नहीं हो पा रहा है। 
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो