scriptअब यहां महिलाएं तय करेंगी कहां और कब आएगी ट्रेन.. | pink railway station | Patrika News
जबलपुर

अब यहां महिलाएं तय करेंगी कहां और कब आएगी ट्रेन..

एडीआरएम ने किया शुभारंभ, नुक्कड़ नाटक के जरिए महिला सशक्तिकरण का दिया गया संदेश

जबलपुरMar 09, 2019 / 10:12 am

virendra rajak

jabalpur

मदन महल स्टेशन पिंक स्टेशन घोषित

जबलपुर, मदन महल रेलवे स्टेशन के किस प्लेटफार्म पर कौन सी ट्रेन आएगी और ट्रेन कब रवाना होगी, इसका निर्धारण शुक्रवार से महिलाओं के हाथों में आ गया। शुक्रवार को मदन महल स्टेशन को पिंक स्टेशन घोषित किया गया। जबलपुर रेल मंडल की एडीआरएम अंजू मोहनपुरिया ने इसका शुभारंभ किया। बड़ी संख्या में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वहां पहुंची एडीआरएम ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में की गई अच्छी पहल बताया। स्टेशन के सभी महत्वपूर्ण पदों पर महिला अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
देश का तीसरा स्टेशन हैं पिंक
जानकारी के अनुसार देश में दो और पिंक रेलवे स्टेशन है। पहला जयपुर का गांधी नगर और दूसरा दक्षिण रेलवे का मांटूंगा रेलवे स्टेशन है। मदन महल स्टेशन का स्थान पिंक स्टेशनों की श्रेणी में तीसरा है। शुरूआती दौर में यहां ४१ महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। शुभारंभ अवसर पर एडीआरएम सभी विभागों में पहुंची और महिला अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात कर बधाई दी।
नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में रेलवे स्काउड गाइड द्वारा नुक्कड नाटक का प्रदर्शन किया गया। जिसके जरिए महिलाओं की समाज में बढ़ रही भूमिका और उनकी सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। यह बताया गया कि किस प्रकार महिलाएं पुरुषों की बराबरी में आ रही हैं।
वर्जन
महिलाओं ने इस रेलवे स्टेशन की कमान जिम्मेदारी से संभाली है। यह पश्चिम मध्य रेल का पहला और देश का तीसरा पिंक स्टेशन है, जहां सभी महत्वपूर्ण पदों पर महिलाएं तैनात की गई हैं। यह स्टेशन महिला सशक्तिकरण का परिचायक बनेगा।
अंजू मोहनपुरिया, एडीआरएम, जबलपुर रेल मंडल

इन पदों पर ये पहली बार
स्टेशन प्रबंधक:- आरती यादव
स्टेशन अधीक्षक:- काजल कोष्टा

अब तक तैनात स्टाफ:- 41

इन विभागों में तैनाती:- ऑपरेटिंग, कमर्शियल, एसएनटी, इलेक्ट्रिकल, आरपीएफ, जीआरपी


Home / Jabalpur / अब यहां महिलाएं तय करेंगी कहां और कब आएगी ट्रेन..

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो