scriptमानव तस्करी के आरोप में सगी बहनें गिरफ्तार, दो लड़कियां बरामद | Two real sisters arrested in human trafficking case | Patrika News
जबलपुर

मानव तस्करी के आरोप में सगी बहनें गिरफ्तार, दो लड़कियां बरामद

मध्यप्रदेश में फिर सामने आया मानव तस्करी का मामला, दो सगी बहनों को मानव तस्करी के आरोप में पुलिस ने पकड़ा, दोनों के पास से दो लड़कियां बरामद..

जबलपुरOct 22, 2020 / 07:41 pm

Shailendra Sharma

jbl_taskari.jpg

जबलपुर. जबलपुर में मानव तस्करी के आरोप में दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया गया है। तिलवारा थाना पुलिस ने इन दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से दो नाबालिग लड़कियों को भी छुड़ाया गया है। दोनों नाबालिगों की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी जिसके बाद पुलिस इन दो सगी बहनों तक पहुंची और दोनों नाबालिग लड़कियों को इनके चंगुल से छुड़ाया। बताया जा रहा है कि दोनों लड़कियों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए में आरोपी बहनें बेचने वाली थीं और सौदा भी तय कर लिया था।

घुमाने के बहाने ले गई थी कोटा
नाबालिग लड़कियों के गुमने के बाद जब उनके परिजन ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई तो तफ्तीश में पता चला कि मधु नाम की एक युवती कुछ दिन पहले दोनों लड़कियों के साथ देखी गई थी। जांच तेज की गई तो ये भी जानकारी मिली कि मधु दोनों को लेकर राजस्थान के कोटा गई है। पुलिस आरोपी मधु की लोकेशन ट्रेस ही कर रही थी कि दो दिन बाद मधु जबलपुर लौट आई। पुलिस ने मधु को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपी मधु ने पुलिस को बताया कि वो दोनों लड़कियों को घुमाने के बहाने राजस्थान के कोटा में अपनी बहन कविता के घर ले गई और वहीं पर छोड़कर आई है। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान में रहने वाली आरोपी मधु की बहन कविता को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उसे लालच देकर लड़कियों के साथ जबलपुर बुलाया। जब कविता दोनों नाबालिग लड़कियों को लेकर जबलपुर पहुंची तो पुलिस ने उसे धरदबोचा और दोनों नाबालिग को उसके चंगुल से मुक्त कराया। पूछताछ में ये भी जानकारी मिली है कि दोनों आरोपी सगी बहनें हैं जिन्होंने दोनों नाबालिग लड़कियों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए में बेचने की तैयारी कर ली थी। लड़कियों का सौदा भी आरोपियों ने कर दिया था लेकिन इससे पहले कि वो लड़कियों को बेच पातीं उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी सगी बहनों का पिता भी अपराधी है और वर्तमान में रेप के मामले में जेल में बंद है।

Home / Jabalpur / मानव तस्करी के आरोप में सगी बहनें गिरफ्तार, दो लड़कियां बरामद

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो