
बीजेपी-कांग्रेस ने प्रदेश को लूटा, मिलीभगत का खेल बरसों से जारी
जयपुर। आम आदमी पार्टी ने बीजेपी-कांग्रेस पर मिलीभगत से प्रदेश में भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने कहा कि अब तो बीजेपी ने भी मिलीभगत को स्वीकार लिया है। प्रदेश अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि 2014 से एक दो ही अधिकारी फ़ैसला कर रहे है। इसका मतलब उस समय वसुंधरा राजे सरकार थी वही अधिकारी आज गहलोत सरकार में जमे हुए हैं। इससे साफ़ ज़ाहिर होता है कि राजस्थान की जनता को इन दोनों पार्टियों ने जमकर लूटा है।
उन्होंने कहा कि एक पार्टी सत्ता में तो दूसरी विपक्ष में रहकर सत्ता पक्ष के साथ अंदरूनी सांठगांठ से खेल खेलती है। दूसरी तरफ़ सीएम अशोक गहलोत तो सार्वजनिक मंच से ही स्वीकार चुके हैं कि हमारी सरकार वसुंधरा राजे ने बचाई। साथ ही दूसरी तरफ एक अन्य बयान में सीएम गहलोत कह रहे हैं कि प्रदेश में बीजेपी मुख्य विपक्षी दल होने का ईमानदारी से पालन नहीं कर रही। जनता अब इस खेल को समझ चुकी है, क्योंकि अब तो दोनों तरफ़ से साफ़ हो गया आपसी मिलीभगत से दोनों ही दलों ने कैसे लूट मचा रखी है।
भ्रष्ट अधिकारियों को मिला प्रश्रय
पालीवाल ने कहा कि कई घोटालों में नाम वाले अफ़सरों को बीजेपी- कांग्रेस दोनों पार्टियों का प्रश्रय है। इसलिए उनके ख़िलाफ़ कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जाती। आम आदमी पार्टी लगातार जनता को ये बता रही है कि प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। सिर्फ़ नाम की सरकार बदलती है असल में कुछ नहीं बदलता। बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के ऐसे बयान ये बताने के लिए काफी हैं कि आप पार्टी जो सच इतने दिन से बताने का प्रयास कर रही है वो अब इनकी जुबां पर भी आने लगा है।
यह भी पढ़ें:-सुनो आलाकमान, राजस्थान भाजपा में कम नहीं हो रही खींचतान
छोटी मछलियों पर कार्रवाई करके इतिश्री
पालीवाल ने कहा कि इन दोनों ही दलों ने एक–दूसरी सरकारों में हुए भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने का काम किया और जब कभी कार्रवाई का दबाव पड़ा तो छोटी मछलियों पर कार्रवाई करते हुए इतिश्री कर ली। जिससे बड़ी मछलियों का काला कारोबार फलता-फूलता रहा। लेकिन अब प्रदेश में आम आदमी पार्टी इन दोनों दलों का ये खेल नहीं चलने देगी। आम आदमी पार्टी की झाड़ू एक विकल्प के रूप में राजस्थान की जनता के बीच आ चुकी है ।
Published on:
24 May 2023 06:29 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
