scriptनगर निगम चुनाव: सीएम गहलोत का ‘गढ़’ फतह करने की जद्दोजहद, केंद्रीय मंत्री-सांसद तक मांग रहे वार्ड प्रत्याशी के लिए वोट | ashok gehlot jodhpur nagar nigam election central ministers in action | Patrika News
जयपुर

नगर निगम चुनाव: सीएम गहलोत का ‘गढ़’ फतह करने की जद्दोजहद, केंद्रीय मंत्री-सांसद तक मांग रहे वार्ड प्रत्याशी के लिए वोट

– जयपुर नगर निगम चुनाव 2020, तीनों शहरों में से जोधपुर बना सबसे ‘हॉट’, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का गृह क्षेत्र है जोधपुर, फतह पाने के लिए मैदान में उतरे केंद्रीय मंत्री-सांसद, कांग्रेस से मुख्यमंत्री पुत्र ने सम्भाला हुआ है मोर्चा, दोनों ही पार्टियों की प्रतिष्ठा से जुडा है जोधपुर निगम चुनाव
 

जयपुरOct 24, 2020 / 11:03 am

Nakul Devarshi

ashok gehlot jodhpur nagar nigam election central ministers in action
जयपुर।

जयपुर-जोधपुर-कोटा शहरों में नगर निगम चुनाव की सरगर्मियां परवान पर है। मतदान का दिन नज़दीक आने के साथ ही प्रचार अभियान भी अपने पूरे शबाब पर है। हर बार की तरह इस बार के निगम चुनाव भी कांग्रेस और भाजपा की प्रतिष्ठा से जुड़े हुए हैं। यही वजह है कि दोनों राजनीतिक दलों ने इस चुनाव के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकी हुई है।
बहरहाल चुनावी प्रतिष्ठा के बीच ही एक और प्रतिष्ठा का सवाल बन रहा है मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का गृह क्षेत्र जोधपुर। मुख्यमंत्री का गढ़ कहलाने वाले जोधपुर में जीत पाने को दोनों ही पार्टियाँ पूरा दमखम लगा रही हैं। खासतौर से प्रदेश भाजपा का जयपुर-कोटा से ज़्यादा फोकस जोधपुर पर नज़र आ रहा है। इसका अंदाजा इस बात से लग सकता है कि यहाँ केंद्रीय मंत्री, सांसद और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी स्तर के नेता तक एक-एक वार्ड पार्षद को जिताने के लिए जोर-आज़माइश कर रहे हैं।
शेखावत-चौधरी-गहलोत मांग रहे वोट
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री व जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत और केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने जहां जोधपुर में कमान संभाली हुई है तो वहीं राज्य सभा सांसद राजेन्द्र गहलोत भी पार्टी के वार्ड पार्षद प्रत्याशी के समर्थन में वोट अपील कर रहे हैं। हालांकि शेखावत और गहलोत भी जोधपुर से ही आते हैं लिहाजा वे स्थानीय लोगों के बीच जाकर पार्टी के पक्ष में माहौल बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री की ‘मॉनिटरिंग’, पुत्र वैभव ने सम्भाला मोर्चा
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भले ही जोधपुर नगर निगम की चुनावी दंगल में सीधे तौर पर मैदान में दिखाई नहीं दे रहे हैं लेकिन जयपुर में बैठकर जोधपुर की पल-पल की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं, प्रमुख रूप से पार्टी की कमान यहाँ मुख्यमंत्री पुत्र और आरसीए चेयरमैन वैभव गहलोत ने संभाल रखी है। गहलोत के अलावा शहर विधायक मनीषा पंवार, निवर्तमान जिला अध्यक्ष सईद अंसारी, यूआईटी के पूर्व चेयरमेन राजेंद्र सोलंकी, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षता संगीता बेनीवाल सहित पूर्व महापौर रामेश्वर दाधीच भी कॉन्ग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए जुटे हैं।
गौरतलब है कि जोधपुर में 160 सीटों पर इस बार नगर निगम उत्तर और दक्षिण जोन के लिए चुनाव हो रहे हैं। दोनों ही पार्टियां अपने-अपने बोर्ड बनाने की जुगत में हैं और अपनी पार्टियों की जीत के दावे कर रहे हैं।

Home / Jaipur / नगर निगम चुनाव: सीएम गहलोत का ‘गढ़’ फतह करने की जद्दोजहद, केंद्रीय मंत्री-सांसद तक मांग रहे वार्ड प्रत्याशी के लिए वोट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो